Manipur Latest News: नॉर्थ ईस्ट के सूबे मणिपुर में स्वशासन का दावा को लेकर वहां के एक आदिवासी नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। राज्य की पुलिस ने इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) के महासचिव मुआं टोम्बिंग पर भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रचने के आरोप लगाया है।
टोम्बिंग के खिलाफ चुराचांदपुर थाना प्रभारी एन. थांगजमुआन ने शिकायत दर्ज की थी। मणिपुर सरकार ने आईटीएलएफ की ओर से स्वशासन के अपील की निंदा की और इस घोषणा को गैर कानूनी व असंवैधानिक करार दिया। शिक्षा मंत्री टी. एच. बसंतकुमार सिंह ने कहा, ''यह गैर-जिम्मेदाराना बयान राज्य में कानून- व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से दिया गया प्रतीत होता है।''
दरअसल, टोम्बिंग ने हाल ही में कहा था कि कुकी समुदाय का अलग मुख्यमंत्री और अधिकारी होंगे, चाहे केंद्र सरकार उन्हें मान्यता दे या नहीं दे। उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले एक महीने से योजना बनाई जा रही है कि तेंगनोउपल, कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों में कुकी समुदाय के लोगों की ओर से ही शासन किया जाएगा।
