देश

Manipur: निर्वस्त्र घुमाई गई लड़की की मां ने लगाई गुहार, 'दरिंदों को फांसी दो'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 30, 2023, 08:57 AM IST

Manipur Girl Viral Video Case Update: जिन महिलाओं को मणिपुर में निर्वस्त्र कर घुमाया गया और उनके साथ गैंगरेप किया गया था। उनमें से एक की मां ने ये गुहार लगाई है कि आरोपियों को मौत की सजा दी जाए। बता दें, 4 मई को जिस दिन 21 साल की महिला के साथ ये घिनौनी वारदात हुई, उसके उसके भाई और पिता को भीड़ ने मार डाला था।

Image

Manipur: निर्वस्त्र घुमाई गई लड़की की मां ने लगाई गुहार, 'दरिंदों को फांसी दो'

Manipur Violence News:
मणिपुर में भीड़ ने जिन लड़कियों को निर्वस्त्र कर घुमाया था, उनमें से एक की मां ने दोषियों के लिए मौत की सजा की मांग की है। साथ ही महिला नेअपने बेटे और पति का शव देखना चाहती है, जिनकी उसी दिन हत्या कर दी गई थी। विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों ने जब पीड़ित परिवार से मुलाकात की तो उसके बाद महिला ने समाचार एजेंसी से बातचीत की।

'बीरेन सिंह की सरकार पर नहीं है भरोसा'

दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग करते हुए पीड़िता की मां ने कहा, 'मुझे केंद्र सरकार पर भरोसा है, लेकिन राज्य सरकार पर नहीं। मैं जो बात बताना चाहती हूं वह यह कि हम आदिवासी, अल्पसंख्यक हैं, हम अब मेइती के साथ नहीं रह सकते हैं। दूसरी बात, यदि संभव हो तो मैं कम से कम अपने बेटे और पति के शव देखना चाहती हूं।' मणिपुर में 4 मई को 21 वर्षीय लड़की को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था, उसी दिन उसके भाई और पिता को भीड़ ने मार डाला था। विपक्षी दलों के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के दो दिवसीय दौरे पर है और हिंसा से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर रहा है।

विपक्षी दलों के सासंदों ने पीड़ितों से की मुलाकात

विपक्षी दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर है। हिंसा प्रभावित लोगों के मिलकर उनका दर्द सुनने के लिए ये सांसद उनके पास पहुंच रहे हैं। इसी बीच टीएमसी सांसद सुष्मिता देव और डीएमके सांसद कनिमोझी ने नग्न कर घुमाए जाने वाली पीड़ितों में से एक की मां से मुलाकात की। मां ने ये आग्रह किया कि कम से कम अपने बेटे और पति के शव देखने में मदद मिले।

लोगों को पुलिस पर भी नहीं है भरोसा!

विपक्षी सांसदों ने जब पीड़ितों से मुलाकात की तो ये बताया कि लड़की ने आरोप लगाया कि उसके साथ पुलिस के सामने रेप किया गया, लेकिन कोई मदद नहीं की गई। सुष्मिता देव ने दावा किया कि लड़की अब पुलिस से भी डरी हुई है। बता दें, करीब तीन महीने पहले भड़की हिंसा में अब तक 160 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और सैकड़ों घायल हैं।

मणिपुर में कैसे भड़की हिंसा?

3 मई को 'आदिवासी एकजुटता मार्च' का आयोजन हुआ था, इसी के बाद हिंसा भड़क गई थी। मैतेई लोगों की संख्या मणिपुर की आबादी में करीब 53 फीसदी है, ज्यादातर लोग इम्फाल घाटी में रहते हैं। वहीं नागा और कुकी जो आदिवासियों में गिने जाते हैं, उनकी आबादी करीब 40 फीसदी है। वो मुख्य रूप से पहाड़ी जिलों में रहते हैं. जब मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग को लेकर पहाड़ी जिलों में प्रदर्शन शुरू हुआ, तो हिंसा भड़क गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article