Manipur Clash: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले (Bishnupur protest) के थिनुंगेई गांव में 14 अप्रैल 2026 को सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के बीच तनावपूर्ण झड़प देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर इकट्ठा हो गए थे और विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस और सुरक्षा बलों ने भी मौके पर भारी तैनाती कर दी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। जैसे ही आंसू गैस छोड़ी गई, वहां सफेद धुएं का गुबार फैल गया और लोग पीछे हटने लगे।
RAF और पुलिस की भारी तैनाती से काबू में आई स्थिति (Photo: ANI)
जवानों ने हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट और दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ की थी पूरी तैयारी
मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और मणिपुर पुलिस के जवान पूरी तैयारी के साथ मौजूद थे। जवानों ने हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट और दंगा नियंत्रण उपकरण पहन रखे थे। घटनास्थल पर आर्मर्ड वाहन, एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां भी तैनात थीं। कुछ लोग इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करते हुए भी नजर आए। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह झड़प किस मुद्दे को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से इलाके में तनाव बना हुआ है।
बिष्णुपुर जिले में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई थी गोलीबारी
दरअसल, कुछ दिन पहले ही बिष्णुपुर जिले में विरोध प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी और करीब 30 लोग घायल हो गए थे। यह हिंसा तब भड़की थी जब प्रदर्शनकारी सीआरपीएफ कैंप की ओर बढ़ने लगे थे। इससे पहले मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में हुए एक बम धमाके में दो बच्चों की मौत हो गई थी, जिसके बाद लोगों में गुस्सा और बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
