देश

माफी मांगो या यहां से निकलो...राम मंदिर पर कमेंट मामले में मणिशंकर अय्यर की बेटी को मिला RWA नोटिस

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2024, 05:28 PM IST

इस मामले में मणिशंकर अय्यर की कोई टिप्पणी नहीं आई है, जबकि सुरन्या ने कहा कि वह जंगपुरा स्थित घर में नहीं रहती हैं।

Image

सुरन्या अय्यर

Suranya Aiyar: राम मंदिर निर्माण के खिलाफ बयान के मामले में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की बेटी सुरन्या अय्यर को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने नोटिस जारी किया है। दिल्ली के जंगपुरा एक्सटेंशन के आरडब्ल्यूए ने सुरन्या और उनके पिता मणिशंकर को पत्र लिखकर तनाव और नफरत पैदा करने के लिए माफी मांगने को कहा है। इस मामले में मणिशंकर अय्यर की कोई टिप्पणी नहीं आई है, जबकि सुरन्या ने कहा कि वह जंगपुरा स्थित घर में नहीं रहती हैं। भारत के चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे के अनुसार, यह घर मणिशंकर अय्यर के पास है।

आरडब्ल्यूए ने कहा, आप किसी और कॉलोनी में जा सकती हैं

जंगपुरा एक्सटेंशन आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष डॉ. कपिल कक्कड़ द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है, अगर उन्हें (सुरन्या) लगता है कि उन्होंने जो किया वह सही है, तो वह किसी अन्य आवासीय कॉलोनी में जा सकती हैं। आरडब्ल्यूए ने मणिशंकर अय्यर से भी अपनी बेटी के कृत्य की निंदा करने को कहा है। इसमें कहा गया है, अगर आप अभी भी सोचते हैं कि आपने अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिष्ठा के विरोध में जो किया है वह सही है, तो हम आपको सुझाव देंगे कि कृपया किसी अन्य कॉलोनी में चले जाएं, जहां के निवासी और आरडब्ल्यूए इस तरह की नफरती बातों से आंखें मूंद सकते हों।

पाकिस्तान में संपत्ति खोने के बाद दिल्ली आए...

पत्र में डॉ. कक्कड़ ने इसे घृणास्पद भाषण बताते हुए कहा कि सभी निवासियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। सुश्री अय्यर, आप जैसे निवासी द्वारा एक शांतिप्रिय इलाके में तीन दिन के उपवास की घोषणा करने और नफरत भरा भाषण देना यहां रहने वाले अधिकांश लोगों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है जो पाकिस्तान में अपनी सारी संपत्ति खोने के बाद यहां आए थे। पत्र के मुताबिक, आप अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ ले सकते हैं, लेकिन कृपया याद रखें, भारत के सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, बोलने की स्वतंत्रता पूरी तरह नहीं हो सकती। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि कृपया एक अच्छे नागरिक के मानदंडों का पालन करें और लोगों के बीच नफरत और अविश्वास पैदा करके किसी को भी भड़काएं नहीं।

अमित मालवीय ने दी प्रतिक्रिया

जंगपुरा एक्सटेंशन आरडब्ल्यूए के पत्र पर भाजपा नेता अमित मालवीय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, इसे उन सभी के लिए एक संदेश के रूप में काम करना चाहिए, जो सोचते हैं कि हिंदू मान्यताओं का दुरुपयोग करना सामान्य बात है। जंगपुरा एक्सटेंशन वेलफेयर एसोसिएशन ने एक संक्षिप्त पत्र में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और उनकी बेटी से राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बारे में गलत बात कहने के लिए माफी मांगने और आवासीय कॉलोनी छोड़ने को कहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article