देश

मथुरा: Yamuna Expressway पर कई KM तक घसीटती रही गाड़ी में फंसी लाश, दो हिस्सों में बंटा शव, कंझावला की याद ताजा

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Feb 7, 2023, 05:36 PM IST

Mathura Dead Body Dragged: बताया ये जा रहा है कि कार में फंसा शव करीब 11 किलोमीटर तक घसीटा गया, जानकारी के मुताबिक कार आगरा से नोएडा की तरफ जा रही थी, इस हादसे ने दिल्ली के कंझावला केस की याद ताजा करा दी जहां ऐसा ही सड़क हादसा सामने आया था।

Image

कार में फंसा शव करीब 11 किलोमीटर तक घसीटा गया (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : BCCL

Mathura Dead Body Dragged on yamuna Expressway: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल्ली के कंझावला जैसा केस सामने आया है, बताते हैं कि मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर एक शव करीब 11 किलोमीटर तक गाड़ी में फंसा रहा और जब ये कार मांट टोल प्लाजा पर पहुंची तब जाकर एक्सप्रेस वे के कर्मियों की निगाह गाड़ी के नीचे फंसे शव पर गई तो इसे लेकर हड़कंप मचा।

गौर हो कि यूपी के मथुरा में दिल्ली के कंझावला जैसी घटना दोहराई गयी है यहां पर एक शख्स की गाड़ी की टक्कर से या उसके नीचे आने से मौत हो गई, उसका शव एक वाहन में फंसकर करीब 11 किलोमीटर तक घसीटा जाता रहा है और खास बात ये कि किसी को भी इसकी जानकारी नहीं हुई, टोल प्लाजा पर पहुंचकर इसकी जानकारी सामने आई।

बताते हैं कि ये कार जिसमें शव फंसा रहा वो आगरा से नोएडा की तरफ जा रही थी, पुलिस ने कार चालक जिसका नाम वीरेंद्र है जो दिल्ली का रहने वाला है, उसे गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है, बताया जा रहा है कि कार में दो महिला और दो पुरुष सवार थे वे लोग दिल्ली के रहने वाले हैं और परिवार के साथ शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे।

'अपनी कार के नीचे फंसे शव के बारे में नहीं जानता'

कहा जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात घने कोहरे में मुश्किल से देख पा रहा था और अपनी कार के नीचे फंसे शव के बारे में नहीं जानता, वहीं पुलिस का भी कहना है कि 'रात को एक्सप्रेस- वे पर कोहरा था। किसी वाहन से ये हादसा हुआ होगा, जिसका शव एक्सप्रेस-वे पर पड़ा रहा होगा। कोहरे में शव दिखाई नहीं दिया, ऐसे में कार में फंसकर घिसटता चला आया होगा।' पुलिस रास्ते में लगे सुरक्षा कैमरों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसकी मौत हुई और कैसे हुई।

दिल्ली का कंझावला केस

गौर हो कि इससे पहले दिल्ली के कंझावला में 1 जनवरी की सुबह 20 साल की एक लड़की अंजलि सिंह की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और युवती को लगभग 12 किलोमीटर घसीटती हुई ले गई थी, घटना में युवती की मौत हो गई थी, पुलिस इस मामले की भी तहकीकात में लगी है।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article