Mamta Kulkarni Expelled : कुछ दिनों पहले संन्यास लेकर किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर की उपाधि धारण करने वालीं पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी पर कार्रवाई हुई है। ममता को किन्नर अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने निष्कासन की कार्रवाई की है। दास ने कहा कि लक्ष्मीनारायण ने बिना उनकी जानकारी के ममता जो देशद्रोह में संलिप्त रही हैं, उन्हें किन्नर अखाड़े में शामिल किया और उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि दी।
नए सिरे से किन्नर अखाड़े का पुनर्गठन होगा
अजय दास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अब नए सिरे से किन्नर अखाड़े का पुनर्गठन होगा। साथ ही जल्द ही नए आचार्य महामंडलेश्वर का ऐलान होगा। बता दें कि ममता को किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद से ही विवाद जारी था। सवाल किए जा रहे थे कि एक स्त्री को इस अखाड़े का महामंडलेश्वर कैसे बनाया जा सकता है।
ममता को मिला था नया नाम
बता दें कि कुछ दिनों पहले पूर्व अभिनेत्री ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में अपना पिंडदान किया था और फिर संन्यास लिया था। पूर्व अभिनेत्री का संन्यास लेना सुर्खियां बना। इसके बाद उन्हें किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया गया। उन्हें नया नाम भी मिला। उनका नया नाम श्री यामाई ममता नंद गिरी रखा गया। ममता 7 दिनों तक महाकुंभ में रहीं। हालांकि, इस पर विवाद भी शुरू हो गया। योग गुरु बाबा रामदेव ने ममता के संन्यास ग्रहण करने और उन्हें महामंडलेश्वर बनाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आज कोई भी साधु-संत और संन्यासी बन जा रहा है।
त्रिपाठी ने कार्रवाई को अनुचित बताया
निष्कासन की इस कार्रवाई पर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताया है। त्रिपाणी ने कहा कि अजय दास को किन्नर अखाड़े से पहले ही निकाला जा चुका है, वह किस हैसियत से कार्रवाई कर सकते हैं।
