Mamata Banerjee Dharna: विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए केंद्र से पश्चिम बंगाल के बकाया की मांग को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी मुहिम शुरू कर दी है। अपने ऐलान के मुताबिक, ममता ने ठंड के बीच रात भर धरना जारी रखा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार सुबह टहलने भी गईं। ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के साथ शुक्रवार दोपहर को कोलकाता के मैदान क्षेत्र में भीमराव आंबेडकर की मूर्ति के सामने प्रदर्शन शुरू किया था। ममता बनर्जी के साथ मंत्री फिरहाद हाकिम और अरूप विश्वास समेत कई नेता रात में धरना स्थल पर ही रुके थे।
सुबह रेड रोड पर टहलने गईं
सुबह वह पास के रेड रोड पर टहलने गईं और एक बास्केटबॉल मैदान का भी दौरा किया। टीएमसी के एक नेता ने बताया कि इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था इस दौरान ममता बनर्जी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ सुबह की सैर के लिए निकलीं थी। इस बीच एक बास्केटबॉल मैदान में कुछ खिलाड़ियों को देखकर वह रुक गईं और उनसे बात की। उन्होंने खेल और इसमें इस्तेमाल की जाने वाली गेंद के बारे में भी जानकारी ली।"
ममता का दावा, केंद्र नहीं दे रहा बकाया
ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर राज्य की मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का हजारों करोड़ रुपये बकाया है। धरना रविवार तक जारी रहेगा, वहीं सोमवार से राज्य का बजट सत्र शुरू हो रहा है।
