पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी ब्रिष्टि मुखर्जी का शव घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली उसने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू की। पुलिस ने आत्महत्या को लेकर अप्राकृतिक मौत (Unnatural Death) का मामला दर्ज किया है। वहीं, परिवार ने दावा किया है कि ब्रिष्टि डिप्रेशन से जूझ रही थीं और इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या की।
ममता बनर्जी की भतीजी ने की आत्महत्या।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कमरे में छत के पंखे से सफेद कपड़ा बंधा हुआ था और उसका दूसरा सिरा ब्रिष्टि के गले में था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
SSC भर्ती मामले में रद्द हुई थी नौकरी
बता दें कि ब्रिष्टि मुखर्जी, ममता बनर्जी के भाई निहार रंजन मुखर्जी की बेटी थीं। मार्च 2023 में कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद SSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के चलते उनकी नौकरी रद्द कर दी गई थी। वह बोलपुर हाई स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं। हालांकि, ब्रिष्टि के पिता निहार रंजन मुखर्जी ने उस समय दावा किया था कि उनकी बेटी पढ़ाई में अच्छी थीं और उन्हें नौकरी अपनी योग्यता के आधार पर मिली थी। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी बेटी को नौकरी दिलाने के लिए कहीं संपर्क नहीं किया था।निजी जिंदगी में भी तनाव का दावा
वहीं, मृतका के परिजनों का कहना है कि नौकरी जाने के बाद ब्रिष्टि की जिंदगी बहुत तनाव पूर्ण हो गई थी। साथ ही हाल में उनके तलाक का मामला भी अदालत में शुरू हुआ था। उनका कहना है कि वह परिवार और निजी जीवन से जुड़ी परेशानियों के कारण मानसिक तनाव में थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
