Jawhar Sircar Resignation: कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर मामले के बाद राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार के इस्तीफे से टीएमसी में हड़कंप मच गया है। अब खबर है कि खुद ममता बनर्जी जवाहर सरकार को मनाने में जुटी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ममता बनर्जी ने जवाहर सरकार से फोन पर बात की है और उन्हें फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए कहा है।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी।
बता दें, रविवार को जवाहर सरकार ने कोलकाता रेप कांड में ममता सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर राज्य को बचाने का आग्रह किया था। पत्र में कहा था कि मुझे लगा था कि ममता बनर्जी इस मामले में पुराने ममता स्टाइल में निपटेंगी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं देखा। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जवाहर सरकार 11 सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे और राज्यसभा अध्यक्ष जगदीप धनखड़ को अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
काफी देर से उठाए गए कदम
टीएमसी राज्यसभा सांसद जवाहर सरकार ने ममता बनर्जी के नाम लिखे पत्र में कहा गया है कि आरजी कर अस्पताल में हुई भयावह घटना के बाद एक महीने तक मैंने धैर्यपूर्वक पीड़ा सही और उम्मीद कर रहा था कि आप (ममता बनर्जी) अपनी पुरानी शैली में आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों के साथ सीधे बात करेंगी। ऐसा नहीं हुआ और राज्य सरकार अब जो भी दंडात्मक कदम उठा रही है, वह बहुत अपर्याप्त हैं और काफी देर से उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, वे लोग राजनीति नहीं चाहते, वे न्याय और सजा चाहते हैं। हमें खुलकर विश्लेषण करना चाहिए और समझना चाहिए कि यह आंदोलन जितना अभया (पीड़िता को दिया गया नाम) के लिए है, उतना ही राज्य सरकार और पार्टी के खिलाफ भी है। इसके लिए तत्काल सुधार की जरूरत है, अन्यथा सांप्रदायिक ताकतें इस राज्य को अपने गिरफ्त में ले लेंगी।
