देश

PM के भाषण पर बिफरी कांग्रेस, खरगे बोले- मोदी अगले साल झंडा जरूर फहराएंगे, लेकिन घर पर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 15, 2023, 01:53 PM IST

खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि हर आदमी यही कहता है कि बार-बार जीतकर आऊंगा, लेकिन हराना जिताना मतदाताओं के हाथ में हैं।

Image

Mallikarjun Kharge, Prime Minister Narendra Modi

Kharge Attacks PM Modi: कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए गए भाषण पर विरोध जताया। खास तौर पर पीएम मोदी की एक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस बिफर गई और इसे अहंकार का प्रतीक बताया। कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी की इस बात में अहंकार नजर आता है कि वह अगले साल लाल किले पर फिर झंडा फहराएंगे। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अगले साल प्रधानमंत्री मोदी लाल किले पर नहीं, बल्कि अपने घर पर झंडा फहराएंगे।

खरगे बोले- हराना-जिताना मतदाताओं के हाथ में

खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि हर आदमी यही कहता है कि बार-बार जीतकर आऊंगा, लेकिन हराना जिताना मतदाताओं के हाथ में हैं। वह झंडा फहराने की बात कर रहे हैं, जबकि वह अहंकार की बात है। उन्होंने कहा कि वह (प्रधानमंत्री) अगले साल झंडा फहराएंगे, लेकिन अपने घर पर फहराएंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 2024 में लाल किले पर झंडा कौन फहराएगा, इसका फैसला जनता करेगी। 2024 तक इंतजार करिए।

पीएम मोदी ने कहा, अगले साल फिर देश को संबोधित करूंगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विश्वास जताया कि वह अगले साल लाल किले की प्राचीर से एक बार फिर राष्ट्र को संबोधित करेंगे और जनता से किए गए वादों की प्रगति उनके समक्ष प्रस्तुत करेंगे। लाल किले की प्राचीर से 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से मैं आपको देश की उपलब्धियां, आपके सामर्थ्य, आपके संकल्प, उसमें हुई प्रगति, उसकी सफलता और गौरवगान पूरे आत्मविश्वास के साथ आपके सामने प्रस्तुत करूंगा।

लाल किले नहीं पहुंचे खरगे

बता दें कि खरगे लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह से अनुपस्थित थे। खरगे ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के संबोधन में शामिल नहीं हो सके क्योंकि उन्हें आंख की कुछ दिक्कतें थीं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले, मुझे आंखों से संबंधित कुछ समस्याएं हैं। दूसरे, मुझे प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह 9:20 बजे अपने आवास पर तिरंगा फहराना था। फिर मुझे कांग्रेस कार्यालय में आना था और तिरंगा फहराना था। इसलिए मैं पार्टी कार्यालय समय पर नहीं पहुंच सका क्योंकि सुरक्षा इतनी कड़ी थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article