देश

प्रज्ञा ठाकुर ने सूजे हुए चेहरे की तस्वीर पोस्ट की, कहा- कांग्रेस ने दी यातना, जिंदा रही तो कोर्ट जरूर जाऊंगी

प्रज्ञा ठाकुर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस की यातना सिर्फ एटीएस की हिरासत तक ही नहीं, मेरे जीवन भर के लिए मृत्युदाई कष्ट का कारण हो गई।

Image

प्रज्ञा सिंह ठाकुर

Photo : PTI

Pragya Singh Thakur: महाराष्ट्र के 2008 मालेगांव विस्फोट मामले की आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपने सूजे हुए चेहरे की एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यातना के कारण उन्हें आजीवन घातक पीड़ा हुई और अगर वह जीवित रहीं तो अदालत में जरूर पेश होंगी। मालेगांव विस्फोट मामले में सुनवाई कर रही एक विशेष अदालत द्वारा सुनवाई में शामिल न होने पर भोपाल की पूर्व भाजपा सांसद के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने के दो दिन बाद उन्होंने यह फोटो पोस्ट की।

प्रज्ञा ठाकुर और छह अन्य व्यक्ति विस्फोट में कथित संलिप्तता के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। जमानती वारंट जारी करते हुए विशेष अदालत के न्यायाधीश ए.के. लाहोटी ने मंगलवार को कहा कि मामले में अंतिम बहस चल रही है और आरोपियों की उपस्थिति आवश्यक है। वारंट के मुताबिक, 13 नवंबर तक ठाकुर को अदालत में पेश होना होगा।

प्रज्ञा ठाकुर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस की यातना सिर्फ एटीएस की हिरासत तक ही नहीं, मेरे जीवन भर के लिए मृत्युदाई कष्ट का कारण हो गई। मस्तिष्क में सूजन, आंखों से कम दिखना, कानों से कम सुनना, बोलने में असंतुलन, स्टेरॉयड और न्यूरो की दवाओं से पूरे शरीर में सूजन। एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिंदा रही तो अदालत अवश्य जाऊंगी।

29 सितंबर, 2008 को मुंबई से लगभग 200 किलोमीटर दूर उत्तर महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में एक मस्जिद के पास मोटरसाइकिल पर बंधे विस्फोटक में धमाका होने से छह लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हुए थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article