देश

Mahashivratri 2023: भोले की भक्ति में डूबे दिखे शिवभक्त, संगम में 8.5 लाख लोगों ने किया गंगा स्नान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2023, 11:34 PM IST

Mahashivratri 2023: महाशिवरात्रि के पर्व पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों के शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रुद्राभिषेक किया। काशी विश्वनाथ के दर्शन को शुक्रवार रात आठ बजे से ही शिव भक्तों की कतार लग गयी थी।

Mahashivratri 2023: पूरे भारत में शनिवार को शिव भक्त महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव की पूजा में डूबे नजर आए। वारणसी से लेकर रामेश्वरम तक में भोले भक्त शिव पर जलाभिषेक करते दिखे।

प्रयागराज का हाल

माघ मेला के छठे और अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर शनिवार को 8.5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। इस स्नान पर्व के साथ माघ मेला संपन्न हो गया। अपर मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम में हल्की गर्मी होने की वजह से सुबह से ही लोगों की भीड़ संगम क्षेत्र में आती रही और लोग स्नान के बाद शिव मंदिर की ओर रुख करते रहे। महाशिवरात्रि पर शाम तक लगभग 8.5 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई। त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष और ज्योतिषाचार्य पंडित राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि सिद्ध योग के साथ ही श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मेला क्षेत्र में स्थित शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का दर्शन और जलाभिषेक किया।

सीएम योगी पहुंचे गोरखपुर

महाशिवरात्रि के पर्व पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों के शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रुद्राभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक करने के साथ ही बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प, धूप दीप, मिष्ठान्न, फल आदि चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना की। भगवान शिव की उपासना के विशेष पर्व महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर से लेकर विभिन्न शिवालयों तक भोलेनाथ के दर्शन, पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक आदि अनुष्ठान किया।

वाराणसी

वाराणसी से मिली जानकारी के अनुसार, बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने कतार लगाकर दर्शन-पूजन किया। काशी विश्वनाथ के दर्शन को शुक्रवार रात आठ बजे से ही शिव भक्तों की कतार लग गयी थी। काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि दोपहर तक पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर चुके थे और अभी भीड़ दर्शन के लिए कतार में लगी हुई है।

हरिद्वार

महा शिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को हरिद्वार के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही और हजारों लोगों ने पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाई। हरिद्वार के कनखाल क्षेत्र में सबसे अहम माने जाने वाले दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भक्त दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए। जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ बिल्केश्वर महादेव, तिलभांडेश्वर महादेव, गौरी शंकर, नीलेश्वर महादेव और दरिद्र भंजन मंदिर में सुबह से ही देखी गई। महा शिवरात्रि के अवसर पर कावंडियों ने भी हरि की पैड़ी में पवित्र गंगा स्नान किया।

जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के मार्तंड सूर्य मंदिर में शनिवार को महाशिवरात्रि के मौके पर दर्जनों भक्तों के साथ राजस्थान के एक मुस्लिम दंपत्ति ने भी भगवान शिव को जल अर्पित किया। हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली जोया खान ने पीटीआई-भाषा को बताया- "यह हिंदुओं (महाशिवरात्रि) और मुसलमानों (शब-ए-मेराज) दोनों के लिए एक शुभ अवसर है और ऐसा नहीं है कि हम मुसलमान (मुस्लिम) मंदिर नहीं जा सकते हैं।" जोया की शादी राजस्थान के रहने वाले फैजान खान हुई है।

केरल

केरल में भी पूरे भक्तिभाव व परंपरा के साथ महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया गया और बड़ी संख्या में भक्त राज्य के विभिन्न शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की और विशेष अनुष्ठान किया। गत दो सालों की तरह इस बार कोविड-19 संबंध प्रतिबंध नहीं थे जिसकी वजह से कई मंदिरों में पिछले साल के मुकाबले अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। राज्य के कई प्रसिद्ध मंदिरों के आगे भक्तों की लंबी कतार देखी गई। राज्य के हिंदू परिवारों ने ‘ओरिक्कल’ (उपवास) रखा और परंपरा के तहत शिव को प्रिय माने जाने वाले ‘कूवलम’ के पत्ते को अर्पित किया गया और इस दिन मंदिर परिसर ‘ओम नम: शिवाय’ के जयकारों से गूंज रहे थे।

पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर जालंधर स्थित शक्ति पीठ देवी तालाब मंदिर और महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक मान ने कहा कि महाशिवरात्रि लोगों को सत्य की तलाश की दिशा में प्रयास करने को प्रेरित करती है जो उन्हें भगवान शिव द्वारा प्रतिपादित परम चेतना की ओर ले जाता है। मान ने श्री महालक्ष्मी मंदिर स्थित शिवालय में पूजा की और उम्मीद जताई कि यह त्योहार राज्य में सामुदायिक सदभाव और भाईचारे की भावना को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने श्री देवी तालाब मंदिर में भी पूजा की।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में भी परपंरा और श्रद्धा भाव से महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया। 12 ज्योर्तिलिंगों में से एक नासिक स्थित त्र्यम्बकेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की कतार रही। अधिकारियों ने बताया कि कप्लेश्वर, सोमेश्वर, तिलभांडेश्वर, नीलकंठेश्वर,मुक्तिधाम, बानेश्वर और नरोशंकर मंदिरों भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

भाषा से इनपुट के साथ

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article