देश

महाराष्ट्र: पुलिस ने AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को भरे मंच पर दिया नोटिस, भड़काऊ भाषण नहीं देने की हिदायत

Asaduddin Owaisi: AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद असदुद्दीन ओवैसी को सोलापुर पुलिस की तरफ से नोटिस दिया है। सोलापुर पुलिस की तरफ से दिए गए नोटिस में असदुद्दीन ओवैसी को किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचाने और भड़काऊ भाषण न देने की हिदायत दी गई है।

Image

असदुद्दीन ओवैसी को भड़काऊ भाषण नहीं देने की हिदायत

Photo : Twitter

Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले की पुलिस ने AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद असदुद्दीन ओवैसी को नोटिस दिया है। खास बात यह है कि यह नोटिस भरे मंच पर दिया गया है। ओवैसी सोलापुर मध्य विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार फारूक शाब्दी की प्रचार रैली में आए थे और मंच पर थे। इसी दौरान ओवैसी को पुलिस ने नोटिस दिया। पुलिस की ओर से नोटिस में ओवैसी को अपने भाषण में किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचाने और भड़काऊ भाषण नहीं देने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने भारतीय नागरिक संहिता की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है।

ओवैसी ने नोटिस को लेकर कसा तंज

जानकारी के अनुसार, असदुद्दीन ओवैसी ने मंच पर अपने संबोधन के दौरान नोटिस के बारे में बोलते हुए कहा मैंने नोटिस रिसीव कर लिया है। लेकिन, मुझे ये समझ नहीं आया कि आचार संहिता के दौरान पुलिस कैसे नोटिस भेज सकती है। आचार संहिता लागू होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर पुलिस को कंट्रोल करता है, ऐसे में पुलिस कैसे बिना रिटर्निंग ऑफिसर की परमिशन के नोटिस भेज सकती है। लेकिन, मुझे कोई प्रोब्लम नहीं है। इस दौरान ओवैसी ने अपने छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के 15 मिनट वाले बयान की भी याद दिला दी। ओवैसी ने नोटिस का जिक्र करते हुए कहा कि 9.45 हो गए हैं, 15 मिनट अभी बाकी है। इसके बाद ओवैसी ने मुंह पर हाथ रख लिया और कहा वेरी सॉरी। उन्होंने आगे तंज करते हुए कहा कि सिर्फ दूल्हे भाई को नोटिस भेजा जाता है और किसी को नहीं, उन्हें सिर्फ भाईजान से मोहब्बत है, दूसरों से नहीं है।

ओवैसी ने बीजेपी पर साधा निशाना

इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मैंने नोटिस के जवाब में लिखा है कि मैंने कई सभाओं को संबोधित किया है। पीएम मोदी को नोटिस नहीं दिए तो ओवैसी को क्यों दिए। 3 दिन पहले पीएम मोदी आए थे, उनको नोटिस नहीं दिए तो मुझे क्यों? AIMIM चीफ ने बीजेपी नेता नीतेश राणे का नाम लिए बिना कहा कि जो मस्जिद में घुसकर मारने की धमकी देते हैं, उन्हें नोटिस नहीं दिया, हमें नोटिस दिया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article