Maharashtra Legislative Council: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राम शिंदे को बृहस्पतिवार को निर्विरोध महाराष्ट्र विधान परिषद का सभापति चुना गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता रामराजे नाइक-निंबालकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सात जुलाई 2022 से परिषद अध्यक्ष का पद खाली था। अब विधानमंडल के दोनों सदनों में पीठासीन अधिकारी भाजपा से हैं।
राम शिंदे को निर्विरोध महाराष्ट्र विधान परिषद का सभापति चुना गया।
महाराष्ट्र सरकार में राम शिंदे रह चुके है कैबिनेट मंत्री
पिछले हफ्ते, भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर यहां जारी शीतकालीन सत्र के दौरान इसी तरीके से महाराष्ट्र की 15वीं विधानसभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। शिंदे आठ जुलाई 2022 को महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य बने थे। इससे पहले वह 2014 से 2019 तक तत्कालीन देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री थे। वह 20 नवंबर के राज्य विधानसभा चुनाव में कर्जत जामखेड विधानसभा सीट पर राकांपा (एसपी) के नेता रोहित पवार से मामूली अंतर से हार गए थे। रोहित पवार को 127676 वोट पड़े, जबकि राम शिंदे के खाते में 126433 वोट गए थे। राम शिंदे ने फडणवीस सरकार में गृह मंत्रालय, लोक स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन राज्य मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। वह अहमदनगर जिले के गार्जियन मिनिस्टर भी रहे हैं। जुलाई 2016 में जब कैबिनेट का विस्तार किया गया तो राम शिंदे को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया और उन्हें जल-संसाधन मंत्रालय सौंपा गया था।
