देश

नागपुर में सनसनीखेज वारदात: बंगाल से 'अम्मा की दरगाह' पर आई महिला को बंधक बनाकर जबरन धर्मांतरण का प्रयास, 3 गिरफ्तार

Amma Dargah Parseoni Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर में पश्चिम बंगाल की महिला को दरगाह में बंधक बनाकर जबरन धर्मांतरण के दबाव और मारपीट का सनसनीखेज मामला। मुख्य संचालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार।

Image

आरोपी गिरफ्तार

Nagpur Forced Conversion Case: महाराष्ट्र के नागपुर जिले से जबरन धर्मांतरण, बंधक बनाने और जानलेवा हमले का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नागपुर ग्रामीण के पारशिवनी इलाके में स्थित प्रसिद्ध 'अम्मा की दरगाह' में पश्चिम बंगाल से आई एक महिला को बंधक बनाकर उस पर जबरन धर्म परिवर्तन (कलमा पढ़ाने) का दबाव डाला गया और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या का प्रयास किया गया।

इस खौफनाक शिकायत पर एक्शन लेते हुए कन्हान थाना पुलिस ने दरगाह के मुख्य संचालक और उसके बेटे समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 3 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

उर्स में शामिल होने आई महिला को बनाया गया निशाना

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। वह पिछले 3 वर्षों से जुनी कामठी स्थित अम्मा की दरगाह में आयोजित होने वाले 'उर्स' (धार्मिक मेले) में शामिल होने नागपुर आ रही थी।

आरोप है कि इस बार जब वह उर्स में शामिल होने आई, तो दरगाह परिसर में उसे सोची-समझी साजिश के तहत टारगेट किया गया। महिला को एक स्थान पर बंधक बना लिया गया और उस पर हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने का भारी दबाव डाला गया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ बर्बरता से मारपीट की और उसका गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की।

पश्चिम बंगाल में दर्ज हुई जीरो FIR, नागपुर ट्रांसफर हुआ केस

इस जानलेवा प्रताड़ना के बाद डरी-सहमी पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर वापस अपने राज्य पश्चिम बंगाल पहुंची। वहां उसने स्थानीय थाने में आपबीती सुनाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटनास्थल नागपुर का कन्हान थाना क्षेत्र था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत पश्चिम बंगाल पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' (Zero FIR) दर्ज कर मामले को नागपुर ग्रामीण पुलिस को स्थानांतरित कर दिया।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिता-पुत्र समेत 3 दबोचे, 3 फरार

केस डायरी मिलते ही नागपुर ग्रामीण पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। कन्हान पुलिस ने जाल बिछाकर मामले के मुख्य आरोपी और दरगाह संचालक ताजी तनवीर उद्दीन, उसके बेटे ताजी मुस्तफी उद्दीन और उनके एक अन्य सहयोगी तेजस खोबरागड़े को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद अन्य तीन आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस प्रशासन का आधिकारिक बयान

मामले की गंभीरता और की गई कार्रवाई को लेकर नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) हर्ष पोद्दार ने बताया, 'पश्चिम बंगाल की एक महिला की शिकायत पर कन्हान पुलिस स्टेशन में जबरन धर्मांतरण के प्रयास, बंधक बनाने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। घटना पारशिवनी क्षेत्र की अम्मा दरगाह की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कदम उठाए हैं और मुख्य आरोपी दरगाह संचालक ताजी तनवीर उद्दीन और उसके बेटे समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट से आरोपियों की पुलिस कस्टडी मांगी जा रही है। घटना में शामिल शेष 3 फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article