देश

महाराष्ट्र सरकार ने रश्मि शुक्ला को राज्य पुलिस प्रमुख के पद पर बहाल किया

गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान लागू की गई आदर्श आचार संहिता चुनावी प्रक्रिया पूरी होने और परिणामों की घोषणा के साथ ही सोमवार को समाप्त हो गई इसलिए सरकार ने शुक्ला की अनिवार्य छुट्टी की अवधि समाप्त कर दी है।

Image

DGP रश्मि शुक्ला

Photo : ANI

Rashmi Shukla: महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी रश्मि शुक्ला को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर बहाल कर दिया है। राज्य के गृह विभाग की ओर से सोमवार शाम जारी आदेश में यह जानकारी दी गई। चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्ला को डीजीपी पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद संजय कुमार वर्मा ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी का पदभार संभाला था।

चुनाव से पहले कांग्रेस ने रश्मि शुक्ला को पद से हटाए जाने की मांग की थी। भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी वर्मा को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक शीर्ष पद पर बने रहना था, जबकि रश्मि शुक्ला को इसी अवधि के लिए अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया गया था।

गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान लागू की गई आदर्श आचार संहिता चुनावी प्रक्रिया पूरी होने और परिणामों की घोषणा के साथ ही सोमवार को समाप्त हो गई इसलिए सरकार ने शुक्ला की अनिवार्य छुट्टी की अवधि समाप्त कर दी है और उन्हें डीजीपी के रूप में अपना कार्यभार संभालने को कहा गया है।

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article