देश

दिग्गज कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण का निधन, बीमारी के बावजूद हासिल की थी नांदेड़ में जीत

चव्हाण ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में अस्वस्थ रहने के बावजूद जीत हासिल की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रताप पाटिल चिखलीकर को 59,442 वोट से हराया था।

Image

कांग्रेस सांसद का निधन

Vasant Chavan passes away: महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से कांग्रेस सदस्य वसंत चव्हाण का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि चव्हाण (69) ने सुबह करीब चार बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले सप्ताह से किडनी संबंधी समस्या का इलाज करा रहे थे।

बीमारी के बावजूद बीजेपी उम्मीदवार को हराया था

चव्हाण ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में अस्वस्थ रहने के बावजूद जीत हासिल की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रताप पाटिल चिखलीकर को 59,442 वोट से हराया था। चिखलीकर पिछली लोकसभा में नांदेड़ से सदस्य थे। नांदेड़ जिले के नायगांव में जन्मे चव्हाण लंबे समय तक ग्राम पंचायत सदस्य रहे और बाद में 1990 तथा 2002 में जिला परिषद सदस्य बन गए।

2002 में महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए चुने गए

वह 2002 में महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए चुने गए और बाद में नायगांव विधानसभा सीट से राज्य विधानसभा के सदस्य बने। वह 2009 से 2014 तक विधायक रहे। चव्हाण 2021 से 2023 तक नांदेड़ जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे। सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार नायगांव में पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा।

बिरला, खरगे और राहुल ने वसंत चव्हाण के निधन पर दुख जताया

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य विपक्षी दल के सांसद वसंत चव्हाण के निधन पर सोमवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। चव्हाण (69) ने सुबह करीब चार बजे अंतिम सांस ली। उनका पिछले सप्ताह से किडनी संबंधी समस्या का इलाज किया जा रहा था।

बिरला ने सोशल एक्स पर पोस्ट किया, ‘नांदेड़ (महाराष्ट्र) से सांसद चव्हाण वसंतराव बलवंतराव जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उनकी पवित्र आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।’ खरगे ने पोस्ट किया, ‘महाराष्ट्र के नांदेड़ से सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन पर मेरी गहरी संवेदना। एक वरिष्ठ नेता, जिन्होंने ग्राम पंचायत सदस्य के रूप में जमीनी स्तर से अपनी राजनीति शुरू की और विभिन्न निर्वाचित पदों पर रहकर लोगों की सेवा की। उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक अपने क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा की रक्षा की।’ राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद वसंतराव चव्हाण जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि ज़मीन से जुड़े हुए लोकप्रिय नेता श्री चव्हाण आजीवन कांग्रेस की विचारधारा का समर्थन और विस्तार करते रहे। उनका देहांत कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article