देश

महाराष्ट्र: शपथ ग्रहण के लिए छावनी में तब्दील हुआ आजाद मैदान, आज हो सकता है सीएम के नाम का ऐलान

Maharashtra CM Name: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण से पहले मुंबई पुलिस ने आज़ाद मैदान और आस पास के इलाके को छावनी में बदल दिया है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।

Image

एकनाथ शिंदे- देवेंद्र फडणवीस

Maharashtra CM Name: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान भले ही अब तक न किया गया हो, लेकिन 5 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण के लिए मुंबई का आजाद मैदान पूरी तरह तैयार हो गया है। शपथ ग्रहण समारो को देखते हुए आजाद मैदान के साथ-साथ आसपास के इलाके में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें, इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि आज शाम तक महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के नाम को ऐलान कर दिया जाएगा।

बता दें, गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण से पहले मुंबई पुलिस ने आज़ाद मैदान और आस पास के इलाके को छावनी में बदल दिया है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान 10 पुलिस उपायुक्त, 20 सहायक पुलिस आयुक्त,100 पुलिस निरीक्षक,150 सहायक और पुलिस उप-निरीक्षक सहित 1500 से अधिक पुलिसकर्मी उपस्थित रहेंगे।

आज मैदान नो फ्लाइंग जोन घोषित

आजाद मैदान में सशस्त्र पुलिस बल,टास्क फोर्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी तैनात किया गया है। आज और कल आजाद मैदान क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है और पूर्व दिशा की ऊंची इमारतों पर भी पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी पुलिस पैनी नजर रखेगी।

कल हुई थी शिंदे व फडणवीस की मुलाकात

बता दें, महाराष्ट्र में कल होने वाले शपथ ग्रहण से पहले मंगलवार शाम कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे व देवेंद्र फडणवीस के बीच मुलाकात हुई। शिंदे के खराब स्वास्थ्य के मद्देनजर दोनों नेताओं के बीच दिल्ली में हुई बैठक के बाद यह पहली मुलाकात थी। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान सरकार गठन को लेकर भी चर्चा हुई। ऐसे में माना जा रहा है कि आज शाम तक महायुति की तरफ से नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। इसमें फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article