Maharashtra: महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर धमकी मिली है। इस बार मुंबई में मुख्यमंत्री कार्यालय पर बम से हमला करने की धमकी भरा एक वॉट्सऐप मैसेज मिला है। इस वॉट्सऐप मैसेज ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप पर एक पाकिस्तानी नंबर से धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय पर हमले की चेतावनी दी गई थी। इस संदेश को भेजने वाले ने अपना नाम मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव बताया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस वॉट्सऐप मैसेज के स्थान की जांच कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग को पाकिस्तान से आए वॉट्सऐप संदेश के बारे में सूचित कर दिया गया है। महाराष्ट्र पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वॉट्सऐप संदेश धमकी मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।
देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर धमकी मिली
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को भी मिल चुकी है धमकी
बता दें, इससे पहले भी महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन सहित कई सरकारी संस्थानों को भेजे गए ईमेल के जरिए दी गई थी। जांच में आरोपी को हिरासत में लिया गया और उसने कथित रूप से ईमेल भेजने की बात कबूल की। इस मामले में आईटी एक्ट और सार्वजनिक शरारत सहित कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
