देश

महाराष्ट्र: सीएम फडणवीस, डिप्टी-सीएम शिंदे और अजित पवार ने ली विधानसभा में शपथ, विधानसभा अध्यक्ष का भी होगा चुनाव

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र शनिवार से शुरू हो रहा है। इस सत्र में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई।

Image

फडणवीस, शिंदे, अजित पवार ने ली शपथ

Photo : PTI

Fadnavis, Shinde, Pawar Takes Oath in Assembly: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने भी राज्य विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। पांच दिसंबर को महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथ ग्रहण हुआ था और सिर्फ इन तीन नेताओं ने ही पद की शपथ ली थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सदन के तीन दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने भी महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने तीनों नेताओं को विधायक पद की शपथ दिलाई। प्रोटेम स्पीकर बाकी 287 नवनिर्वाचित विधायकों को पद की शपथ दिलाएंगे।

20 नवंबर को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए गए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के महायुति गठबंधन ने 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की। नई सरकार ने 5 दिसंबर को शपथ ली, जिसमें देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री, जबकि एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र आज से

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र शनिवार से शुरू हो रहा है। इस सत्र में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई। कालिदास कोलंबकर को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। भाजपा से नवनिर्वाचित विधायक पराग अलवानी ने कहा कि सत्र का माहौल काफी अच्छा होने वाला है। क्योंकि महाराष्ट्र की जनता ने पहली बार किसी गठबंधन को इतना बड़ा बहुमत दिया है। आज सभी विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। विधायकों में बहुत उत्साह होगा।

नए चेहरे भी नजर आएंगे

कई विधायक दोबारा चुन कर आए हैं और कुछ इस बार नए चेहरे भी नजर आएंगे। मुझे लगता है कि विपक्षी पार्टियों के विधायक अच्छे कामों के लिए सहयोग करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि महायुति को जनता ने अच्छा बहुमत दिया है। हमारी सरकार बनी है। गृह विभाग किसके पास रहेगा। यह तो पार्टी के वरिष्ठ नेता तय करेंगे। मैं बस यह कहना चाहता हूं कि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे नाराज नहीं हैं, वह खुश हैं।

मंत्रालयों के बंटवारे पर मंथन

महाराष्ट्र में सरकार गठन के बाद अब मंत्रालयों के बंटवारे पर मंथन जारी है। सबसे अधिक खींचतान गृह विभाग को लेकर है जिस पर एकनाथ शिंदे ने अपना दावा ठोका है। मुख्यमंत्री पद जाने के बाद शिंदे सबसे अहम विभाग गृह मंत्रालय अपने पास रखना चाहते हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस के लिए विभागों का बंटवारा एक बड़ी चुनौती साबित होगी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भाजपा से महत्वपूर्ण गृह विभाग की मांग की है और पोर्टफोलियो आवंटन पर बातचीत चल रही है। शिवसेना विधायक भरत गोगावले ने यह जानकारी दी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें