देश

मप्र के मुरैना में रेत माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से वनकर्मी को कुचला, मौके पर ही मौत

Morena Forest Officer Killed: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह डावर ने बताया कि वन विभाग के गश्ती दल के सदस्य आरक्षक हरकेश गुर्जर (35) ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने उन्हें कुचल दिया।

Image

मप्र के मुरैना में रेत माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से वनकर्मी को कुचला, मौके पर ही मौत

Morena News: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बुधवार सुबह एक रेत माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक वन आरक्षक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना जिले की अंबाह तहसील के रानपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर उस वक्त हुई जब अवैध रेत खनन और परिवहन रोकने के अभियान के तहत गश्त कर रहे वनकर्मियों ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह डावर ने बताया कि वन विभाग के गश्ती दल के सदस्य आरक्षक हरकेश गुर्जर (35) ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत का अवैध परिवहन कर रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि दिमनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरक्षक के शव को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

कुछ समय पहले मुरैना में हुई थी तैनाती

घटना में मारे गए आरक्षक हरिकेश गुर्जर मुरैना जिले के ही जनकपुर गांव का रहने वाले थे और कुछ समय पूर्व ही तबादले के बाद मुरैना आए थे। मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी और अपराधियों के हौसले चरम पर हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, 'मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला कर आरक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर देना न केवल भयावह है, बल्कि यह साबित करता है कि प्रदेश में अपराधियो में कानून का डर समाप्त हो चुका है।' उन्होंने कहा, 'यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार के 'सुशासन' की तस्वीर है, अवैध खनन माफिया दिनदहाड़े कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यह सीधा-सीधा शासन की विफलता और अपराधियों को मिला संरक्षण है।'

मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग

सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर दोषियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस घटना की निंदा की और कहा कि वह मुख्यमंत्री से चर्चा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

सांगठनिक बैठकों में शामिल होने मुरैना पहुंचे खंडेलवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ऐसे माफियाओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि माफियाओं के पक्ष में बयान देने वाले पार्टी के नेताओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article