भारत गौरव ट्रेन भी शुरू होगी
वैष्णव ने कहा कि अंबेडकर की जन्मस्थली को नई दिल्ली से जोड़ने वाली नई ट्रेन भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता के रूप में उनके काम और भूमिका को श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि रेलवे पंचतीर्थ - उनके जन्म स्थान, शिक्षा स्थान, जहां उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया, मृत्यु स्थान और उनके अंतिम संस्कार स्थल को जोड़ने के लिए एक भारत गौरव ट्रेन शुरू करने की योजना बना रहा है ताकि उनके अनुयायियों के लिए यात्रा करना आसान हो सके।
नई ट्रेन, डॉ अंबेडकर नगर-कोटा-नई दिल्ली 20155/56 एक्सप्रेस को अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर राज्य के लिए एक उपहार बताते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि इससे दिल्ली के साथ कनेक्टिविटी में सुधार होगा। सीएम यादव ने कहा, राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और यात्री आसान, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
ट्रेन का पूरा शेड्यूल
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि अपने दैनिक सामान्य संचालन के दौरान, ट्रेन रोजाना दोपहर 3.30 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से चलेगी और इंदौर, उज्जैन और कोटा होते हुए अगले दिन सुबह 4.25 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 11.25 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12.50 बजे अपने अंतिम स्टेशन डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। कुमार ने बताया कि यह ट्रेन 13 घंटे में 848 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और मध्य प्रदेश तथा राजस्थान के 15 महत्वपूर्ण शहरों और गंतव्यों को जोड़ेगी।
