देश

'सिलेंडर का साइज छोटा नहीं है,तो यह खबर कहां से आ गई?' Times Now Summit 2026 में अखिलेश यादव ने एलपीजी को बताया 'लापता गैस'

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ईरान विवाद से जुड़े एलपीजी संकट को लेकर भारत सरकार की आलोचना की। टाइम्स नाउ समिट में बोलते हुए उन्होंने वितरण केंद्रों पर कथित लंबी कतारों के कारण एलपीजी को "लापता गैस" बताया।

Image

टाइम्स नाउ समिट 2026 में बोलते हुए अखिलेश यादव (Screengrab)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज Times Now Summit 2026 में देश के कई मुद्दों पर टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से वार्ता की। इस दौरान जहां उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा पर मिलीभगत करने का आरोप लगाया। अन्य मुद्दों के साथ ही उन्होंने एलपीजी संकट को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। Times Now Summit 2026 में बात करते हुए उन्होंने एलपीजी को लापता गैस करार दिया। एलपीजी गोदामों के बाहर लोगों की लंबी कतारों का हवाला दिया।

साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वे सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से क्यों अनुपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उन्हें लखनऊ में रहना था, इसलिए वे बैठक में नहीं गए, अपनी जगह उन्होंने पार्टी के अन्य अधिकारियों को भेजा था और अपनी बातें और मुद्दे लिखकर भेजी थी।आगे एलपीजी संकट को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर झूठ नहीं बोलना चाहिए। सरकार कहती है "सरकार कहती है कि हमारे पास बहुत सारे सिलेंडर हैं, बहुत सारी गैस है, बहुत सारी एलपीजी है। तो फिर इतनी लंबी कतारें क्यों लगी हैं?"

सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने अफवाहों पर भरोसा करते हुए पूछा कि सरकार ने सिलेंडर का साइज कम क्यों कर दिया है,14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर को 10 किलोग्राम क्यों कर दिया गया है। हालांकि, इसी दौरान टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार ने सरकार के फैक्ट चेक का हवाला देते हुए सिलेंडर का साइज कम करने की बात को गलत बताया। इस पर अखिलेश ने कहा कि अगर यह अफवाह है तो सरकार को ऐसा करने वाले लोगों को सजा देनी चाहिए। साथ ही ऐसे लोगों को भी सजा देनी चाहिए जो यह कह रहे हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें नहीं लगी हैं, क्योंकि ऐसा नहीं है। लखनऊ और गोरखपुर में एलपीजी गोदामों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई थीं।

पीएम मोदी के संसद में दिए गए बयान का किया विरोध

आगे संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का हवाला देते हुए, जिसमें उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना कोरोना काल से की थी, यादव ने संकट से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कृपया समझाएं कि प्रधानमंत्री के बयान का हम क्या मतलब निकालें? प्रधानमंत्री ने कोरोना क्यों कहा? इसका मतलब यह है कि सरकार के पास गैस नहीं है, डीजल नहीं है, पेट्रोल नहीं है...यही सच्चाई यह है कि एलपीजी 'लापता' गैस है।

एलपीजी संकट पर सरकार ने क्या कहा?

एलपीजी वितरकों के बाहर अफरा-तफरी और लंबी कतारों की खबरों के बीच, सरकार ने दावा किया है कि देश में 60 दिनों के लिए एलपीजी का पर्याप्त भंडार है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार, भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी, कच्चे तेल और अन्य ईंधनों के स्टॉक का विवरण जारी किया है। सरकार के अनुसार,भारत के पास पूरे एक महीने के लिए एलपीजी की आपूर्ति और लगभग 60 दिनों के लिए तेल का भंडार सुरक्षित है। सरकार ने कहा कि पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article