देश

ग्वालियर में प्रेमी ने दोस्त संग किया नाबालिग का दुष्कर्म फिर गला घोंटकर मार डाला, पहचान मिटाने को पेट्रोल डालकर फूंकी लाश

ग्वालियर में भिंड से लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में पुलिस आरोपियों तक कॉल डिटेल के आधार पर पहुंची।

Image

ग्वालियर में नाबालिग की हत्या। (वीडियो ग्रैब)

ग्वालियर में नाबालिग से हैवानियत और दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई और उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग का शव अधजली हालत में बरामद किया है और मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही तीनों आरोपियों को भिंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग 28 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 29 मई को मौ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और नाबालिग की कॉल डिटेल खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को कॉल रिकॉर्ड में स्थानीय निवासी राम गुर्जर का नंबर मिला। शुरुआती तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने राम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों के मुताबिक,पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

बहला-फुसलाकर नाबालिग को लाया था रामू, दोस्त के साथ मिलकर किया दुष्कर्म

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में रामू गुर्जर ने बताया कि वह 28 मई को नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ मोटरसाइकिल से ग्वालियर लेकर आया था। यहां वह अपने साथी अरुण के साथ गोल पहाड़िया स्थित नवग्रह मंदिर के पास एक सुनसान स्थान पर पहुंचा। जहां दोनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

नाबालिग को बेचने की योजना बना रहे आरोपी, राज न खुल जाए इसलिए कर दी हत्या

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि इसके बाद आरोपी नाबालिग को बेचने की योजना बना रहे थे। इस दौरान दोनों आरोपियों के बीच हुई बातचीत नाबालिग ने सुन ली। इसके बाद उसने विरोध किया और घर वापस छोड़ने की बात कहने लगी। पुलिस का आरोप है कि अपनी करतूत उजागर होने के डर से मुख्य आरोपी राम गुर्जर ने नाबालिग का गला घोंटकर हत्या कर दी।

पेट्रोल डालकर लगा दी आग

अधिकारियों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि अगले दिन राम गुर्जर और उसका साथी अरुण एक अन्य युवक गौरव कुशवाह के साथ फिर घटनास्थल पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी ताकि मृतका की पहचान न हो सके और मामले के सबूत मिटाए जा सकें।

बरामद किया अधजला शव

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में स्थित घटनास्थल से एक अधजला शव बरामद किया। इसके बाद जनकगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और जली हुई अवस्था में मिला है। ऐसे में मृतका की पहचान की औपचारिक पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए परिजनों के नमूने भी लिए जा सकते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों तथा घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।

भिंड पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मजबूत अभियोजन तैयार किया जाएगा, ताकि आरोपियों को अदालत से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article