लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शुक्रवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले 'संविधान बचाओ समावेश' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल भी रैली में मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (फाइल फोटो- PTI)
राहुल गांधी का कार्यक्रम
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बताया कि राहुल गांधी पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जिसके बाद वे बारामुंडा मैदान पहुंचेंगे। यहां वे किसानों और विभिन्न परियोजनाओं से विस्थापित हुए लोगों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और के. सी. वेणुगोपाल ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भक्त चरण दास ने कहा, “आमतौर पर राहुल गांधी चुनावों से पहले ही ओडिशा में ऐसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों को संबोधित करते हैं, लेकिन इस बार वे ऐसे समय में जनसभा को संबोधित करेंगे जब निकट भविष्य में कोई चुनाव नहीं है, जो इसका खास महत्व दर्शाता है।”
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने राज्य में बसों, ट्रकों, टैक्सियों, ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के चालकों की हड़ताल को लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने हड़ताल जारी रखने और लोगों को राहुल गांधी की रैली में शामिल होने से रोकने के लिए राजनीतिक साजिश रची है। उनका कहना था, “इस साजिश के कारण राज्य के आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि जरूरी वस्तुओं का परिवहन प्रभावित हो रहा है।”
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
भक्त चरण दास ने राज्य सरकार से हड़ताल के समाधान के लिए बातचीत शुरू करने का आग्रह किया और कहा कि कांग्रेस ड्राइवर एसोसिएशन के समर्थन में खड़ी है। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कांग्रेस पर इस हड़ताल को एक बहाना बनाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इसे राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है।
