देश

अनुराग ठाकुर की किस बात पर भड़का समूचा विपक्ष, अखिलेश यादव ने खुलकर दिखाया गुस्सा

Caste Census Politics: लोकसभा के मानसून बजट सत्र में अनुराग ठाकुर के बयान 'जिनकी जाति का पता नहीं वो जातिगत जनगणना की बात करते हैं' से विपक्ष आग बबूला हो गया। इस पर सपा मुखिया अखिलेश यादव और नेता प्रतिपक्ष राहुल ने आपत्ति जताई। अखिलेश ने कहा आप जाति कैसे पूछ सकते हैं?

Image

मानसून बजट सत्र चर्चा

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • लोकसभा के मानसून बजट सत्र में पक्ष-विपक्ष में गहमागहमी
  • अनुराग ठाकुर के जातिगत जनगणना के बयान पर विपक्ष भड़का
  • राहुल गांधी ने कहा करा कर रहेंगे जातीय जनगणना, अखिलेश ने कहा-जाति कैसे पूछ ली

Caste Census Politics: लोकसभा के मानसून बजट सत्र (Monsoon Budget Session) में इन दिनों पक्ष और विपक्ष के बीच गहमागहमी देखने को मिल रही है। मंगलवार को भी बजट सत्र की चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बीच तीखी बहस हो गई। इस बहस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) भी बहस का हिस्सा बने। अखिलेश अनुराग ठाकुर के जातीय जनगणना के मसले पर टिप्पणी करने वाले बयान पर जमकर बरसे।

अनुराग ठाकुर के बयान पर भड़के अखिलेश-राहुल

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने जातीय जनगणना के मुद्दे को उठाने वाले राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं की जाति पर सवाल कर हंगामा खड़ा कर दिया। बजट सत्र के दौरान अनुराग ने कह दिया कि 'जिनकी जाति का पता नहीं वो जाति जनगणना की बात करते हैं'। फिर क्या था, इस बयान से विपक्षी खेमे के सांसद नाराज होकर हंगामा करने लगे। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर इस तरह की बात कैसे कर सकते हैं। उधर, अखिलेश यादव भी आग बबूला हो गए। अखिलेश ने सवाल उठाया कि ये जाति कैसे पूछ सकते हैं? तेज स्वर में कहा कि आप जाति कैसे पूछ सकते हैं? तुम पूछ के दिखाओ जाति, कैसे पूछ ली जाति। आप इस तरह जाति नहीं पूछ सकते है। हालांकि, अनुराग ठाकुर अपने बचाव में कहते नजर आए कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है।

जातिगत जनगणना होकर रहेगी -राहुल

इस पर रायबरेली से सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जो भी दलितों-पिछड़ों और आदिवासियों के हक की आवाज उठाता है, उसे गाली खानी पड़ती है। तो अगर, जातीय जनगणना की बात करने पर उन्हें गालियां पड़ती हैं तो वो खाने को तैयार हैं। राहुल ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने मुझे गाली दी। तो मेरा जितना अपमान करना है करिए, मुझे अर्जुन की तरह मछली की आंख दिख रही है, वैसे ही मेरा लक्ष्य दिख रहा है। लिहाजा, जातिगत जनगणना होकर रहेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article