Lawrence Gang Secret Cabinet: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद लॉरेंस गैंग के संचालन को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित (USA) द्वारा एक ऑडियो के जरिए लिए जाने के बाद यह सवाल गहरा गया है कि जब लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल के हाई-रिस्क वार्ड में बंद है और उसका भाई अनमोल बिश्नोई कैलिफोर्निया से गिरफ्तार होकर भारत लाया जा चुका है, तो यह सिंडिकेट कौन चला रहा है? शीर्ष एजेंसी सूत्रों के मुताबिक, विदेशों सेफ लोकेशन से इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करने के लिए लॉरेंस गैंग की एक 'सीक्रेट कैबिनेट' काम कर रही है। अब इस 'सीक्रेट कैबिनेट' को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं, जैसे सवाल ये भी कि लॉरेंस गैंग की इस 'सीक्रेट कैबिनेट' में कौन-कौन से गैंगस्टर शामिल हैं और उनकी क्या भूमिका है?
तो आपको बता दें कि जो जानकारी हाथ लगी है, उसके मुताबिक, इस सीक्रेट कैबिनेट में गैंग के सबसे भरोसेमंद चेहरे शामिल हैं, जो इस प्रकार हैं:
प्रमुख सदस्य: रणदीप मलिक, टाइसन बिश्नोई, अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू, गोल्डी ढिल्लों, आरजू बिश्नोई, शुभम लोनकर और हिमांशु सोनीपत।
कार्यप्रणाली: इनका मुख्य काम गैंग को लॉजिस्टिक्स सपोर्ट मुहैया कराना, नए लड़कों को अपने साथ जोड़ना और गतिविधियों के स्क्रीनशॉट साझा करना है।
रणनीतिक इकाई: इनमें आरजू बिश्नोई, शुभम लोनकर और रणदीप मलिक का एक अलग समूह है, जो मुख्य रूप से हमले की रणनीति तैयार करने, फंडिंग जुटाने और टारगेट को फाइनल करने का काम संभालता है।
अनिल पंडित कौन है और वह इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट में किस प्रकार सक्रिय हुआ?
हरियाणा के पानीपत का रहने वाला गैंगस्टर अनिल पंडित सिद्धू मूसेवाला की हत्या के एक साल बाद कनाडा के रास्ते अमेरिका फरार हो गया था। उसे भारत से विदेश भागने में लॉरेंस गैंग के एसोसिएट रणदीप मलिक ने ही मदद की थी। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में मर्डर से लेकर क्लबों पर ग्रेनेड अटैक करवाने में रणदीप मलिक का हाथ रहा है।
अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद, नवंबर 2025 से रणदीप मलिक का दबदबा बढ़ता गया। जनवरी 2026 से अनिल पंडित ने रणदीप मलिक के साथ मिलकर ट्रेनिंग ली और फिर भारत से लेकर विदेशों तक इस क्राइम सिंडिकेट की कमान संभाल ली। वर्तमान में यह नेटवर्क USA, कैलिफोर्निया, पुर्तगाल, यूरोप, यूके, अज़रबैजान, कनाडा के साथ-साथ भारत के हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान तक फैला हुआ है जिसे अनिल पंडित और रणदीप मलिक मिलकर ऑपरेट कर रहे हैं।
