देश

अब राहुल पर भड़के ललित मोदी, कहा-पप्पू...साबित करो मैं भगोड़ा हूं, यूके कोर्ट में करूंगा केस

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 30, 2023, 11:08 AM IST

ललित मोदी ने कहा, भारत के लोगों को मूर्ख मत बनाओ कि कौन असली लुटेरे हैं। गांधी परिवार ने ऐसा माहौल बना दिया है कि जैसे वे ही हमारे देश पर शासन करने के हकदार हैं।

Image

ललित मोदी ने राहुल को सरनेम और भगोड़ा मुद्दे पर घेरा (file photo)

Photo : ANI

मोदी सरनेम विवाद में फंसे राहुल गांधी पर अब देश से भागकर ब्रिटेन गए आईपीएल फाउंडर ललित मोदी ने हमला बोला है। ललित मोदी ने कई ट्वीट कर राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वह साबित करें कि मैं कानून भगोड़ा हूं, अन्यथा मैं यूके कोर्ट में उनके खिलाफ केस करूंगा। ललित मोदी ने कांग्रेस सहित विपक्ष के कई नेताओं को आड़े हाथों लिया है।

मोदी सरनेम और भगोड़ा मुद्दे पर घेरा

ललित मोदी ने गुरुवार को राहुल गांधी पर तीखा हमला किया और कहा कि वह राहुल के 'मोदी सरनेम' वाले बयान और उन्हें भगोड़ा कहे जाने का मुद्दा ब्रिटेन की अदालत में ले जाएंगे। ललित मोदी ने सवाल किया कि किस आधार पर उन्हें भगोड़ा कहा जा रहा है। उन्हें कभी भी दोषी नहीं ठहराया गया है और वह एक सामान्य नागरिक हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं को भी फटकार लगाई और उन पर बदला लेने का आरोप लगाया।

ललित मोदी ने ट्वीट किया- मैं टॉम, डिक और गांधी के लगभग हर सहयोगी को बार-बार यह कहते हुए देखता हूं कि मैं कानून का भगोड़ा हूं। क्यों? कैसे? और मुझे आज तक कब दोषी ठहराया गया है? पप्पू उर्फ राहुल गांधी के उलट मैं अब एक सामान्य नागरिक हूं। ऐसा लगता है कि विपक्षी नेताओं के पास करने के लिए और कुछ नहीं है, इसलिए वे भी या तो गलत जानकारी रखते हैं या सिर्फ बदले की भावना रखते हैं।

राहुल के खिलाफ अदालत में जाने का फैसला

ललित मोदी ने कहा, मैंने राहुल गांधी के खिलाफ तुरंत यूके में अदालत में जाने का फैसला किया है। मुझे यकीन है कि उन्हें कुछ ठोस सबूत दिखाने होंगे। मैं उन्हें पूरी तरह से मूर्ख बनते देखने के लिए उत्सुक हूं। कई कांग्रेसी नेताओं को टैग करते हुए ललित मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "मैं पते और फोटो आदि भेज सकता हूं। भारत के लोगों को मूर्ख मत बनाओ कि कौन असली लुटेरे हैं। गांधी परिवार ने ऐसा माहौल बना दिया है कि जैसे वे ही हमारे देश पर शासन करने के हकदार हैं। हां, जैसे ही आप सख्त उत्तरदायी कानून पारित करेंगे, मैं वापस आ जाऊंगा।

मैंने सबसे बड़ा खेल आयोजन कराया

ललित मोदी ने लिखा- आज तक साबित नहीं हुआ है कि मैंने 15 साल के दौरन एक भी पैसा लिया है। लेकिन साफ तौर पर यह साबित हो गया है कि मैंने इस दुनिया में सबसे बड़े खेल आयोजन को संभव बनाया है जिसने करीब 100 अरब डॉलर कमाए हैं। कांग्रेस के किसी भी नेता को यह नहीं भूलना चाहिए कि मोदी परिवार ने 1950 के दशक की शुरुआत से उनके लिए और हमारे देश के लिए इतना कुछ किया है जिसकी वे कभी कल्पना भी नहीं कर सकते। जितना वे सपने में भी नहीं सोच सकते, मैंने उससे कहीं ज्यादा किया है।

ललित मोदी का हमला राहुल गांधी को 2019 के मानहानि मामले में मोदी उपनाम पर उनकी टिप्पणी के लिए दो साल की सजा दिए जाने के कुछ दिनों बाद आया है। इस फैसले के बाद उन्हें लोकसभा के सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। 2019 में कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था, सभी चोरों का एक ही सरनेम मोदी क्यों है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article