KTR on Rahul Gandhi: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव (केटीआर) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तेलंगाना के बेरोजगार युवाओं और छात्रों से चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। हैदराबाद के मुशीराबाद क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए केटीआर (KT Rama Rao) ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने युवाओं से कई वादे किए थे। उन्होंने रोजगार देने, जॉब कैलेंडर जारी करने और युवाओं के साथ खड़े रहने की बात कही थी। लेकिन चुनाव खत्म होने और सरकार बनने के बाद इन वादों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एएनआई के मुताबिक केटीआर (Telangana Politics) ने कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगार युवाओं और छात्रों का समर्थन हासिल करने के लिए बड़े दावे किए, लेकिन अब वही युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राहुल गांधी और कांग्रेस सरकार से उनके चुनावी वादों के बारे में सवाल पूछें। बीआरएस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया है। उन्होंने दावा किया कि जिन भर्तियों को सरकार अपनी उपलब्धि बता रही है, उनमें से कई प्रक्रियाएं पिछली बीआरएस सरकार के समय शुरू की गई थीं।
पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की दी सलाह
बैठक के दौरान केटीआर ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से न हटे। साथ ही उन्होंने फर्जी या दोहरे वोट जोड़ने की संभावनाओं पर भी चिंता जताई और कार्यकर्ताओं से निगरानी रखने को कहा। केटीआर ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद हैदराबाद में बीआरएस का जनाधार मजबूत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर में पार्टी को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और भविष्य में होने वाले चुनावों में भी बीआरएस अच्छा प्रदर्शन करेगी।
हैदराबाद में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी-केटीआर
एएनआई के अनुसार कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हैदराबाद में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी रही है। उनके अनुसार, बीआरएस सरकार के दौरान शहर में फ्लाईओवर, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे के कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए गए थे। अंत में केटीआर ने घोषणा की कि अगले महीने से बीआरएस का सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, जिसे पूरी तरह डिजिटल तरीके से चलाया जाएगा। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
