देश

कोलकाता: बंसद्रोणी पुलिस स्टेशन में रात भर धरने के बाद रूपा गांगुली गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

2 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में एक स्कूली छात्र की मौत के बाद दक्षिण कोलकाता के बंसद्रोणी इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। यह सिलसिला पूरी रात जारी रहा..

Image

रूपा गांगुली गिरफ्तार

Photo : ANI

Roopa Ganguly Arrested: पश्चिम बंगाल के बंसद्रोणी पुलिस स्टेशन परिसर में रात भर धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता रूपा गांगुली को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें लेकर लाल बाजार ले जाया गया। पार्टी ने उनकी हिरासत की पुष्टि करते हुए कहा कि रूपा गांगुली अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रही थीं। 2 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में एक स्कूली छात्र की मौत के बाद लोगों का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा था। इस मामले में रूपा गांगुली ने पुलिस थाने में रातभर धरना-प्रदर्शन किया था।

सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत से भड़के लोग

2 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में एक स्कूली छात्र की मौत के बाद दक्षिण कोलकाता के बंसद्रोणी इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। यह सिलसिला पूरी रात जारी रहा और दिनेश नगर इलाके में स्थानीय लोगों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। कक्षा-9 के छात्र को उसके ट्यूशन सेंटर के पास गाड़ी ने कुचल दिया। घटना सुबह करीब 7 बजे की थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 15 वर्षीय लड़के ने दम तोड़ दिया। कथित तौर पर सड़क की खराब हालत के कारण हुई इस दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने खुदाई करने वाली मशीन में तोड़फोड़ कर दी।

स्थानीय तृणमूल कांग्रेस पार्षद को प्रदर्शनकारियों के गुस्से का सामना करना पड़ा और उन पर लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाया। इसे लेकर पूरे दिन तनाव बना रहा, प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरुद्ध कर दी और पाटुली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) को कई घंटों तक बंधक बनाए रखा। यहां तक कि गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने ओसी को सड़क पर गंदे पानी में धकेल दिया।

बंसद्रोणी पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन

शाम को भारतीय जनता पार्टी नेता रूपा गांगुली ने बंसद्रोणी पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और छात्र की मौत के लिए जिम्मेदार ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि खुदाई करने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। गांगुली ने टीएमसी पर पुलिस को बचाने के लिए गुंडों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बीती पूरी रात पुलिस थाने के सामने धरना दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और लाल बाजार थाने लेकर गई।
Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article