Maoist Couple Surrender: झारखंड के सारंडा जंगलों में लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों में शामिल रहे एक दंपति ने अब हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया है। शुक्रवार को माओवादी दंपति मंगल और मालती ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाज़ार में पुलिस कमिश्नर अजय नंद आईपीएस के सामने सरेंडर किया। इस दौरान दोनों ने अपनी AK-47 और INSAS राइफलें पुलिस को सौंप दीं। पुलिस के मुताबिक, मंगल माओवादी नेता किशनजी का करीबी सहयोगी भी रहा है।
माओवादी कपल ने किया सरेंडर (फोटो साभार- TNN)
माओवादी गतिविधियों से जुड़े थे मंगल और मालती
पश्चिम बंगाल के रहने वाले मंगल और मालती लंबे समय तक झारखंड में माओवादी गतिविधियों से जुड़े रहे। मंगल पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी का रहने वाला है, जबकि मालती झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर की निवासी है। पुलिस कमिश्नर अजय नंद के अनुसार, मंगल वर्ष 2010 में माओवादी संगठन से जुड़ा था। उस समय शालबनी इलाके में जनसाधारण समिति सक्रिय थी। वर्ष 2011-12 के बाद मंगल झारखंड चला गया, जहां पहले दलमा और फिर सारंडा के जंगलों में सक्रिय रहा। बाद में मालती भी झाड़ग्राम से सारंडा पहुँच गई और माओवादी गतिविधियों में शामिल हो गई।
पति-पत्नी पर था लाखों रुपये का इनाम
मंगल पर 5 लाख, मालती पर 2 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, मंगल के खिलाफ झारखंड में छह से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। राज्य में उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि मालती पर दो लाख रुपये का इनाम था। दोनों लंबे समय तक सारंडा क्षेत्र में सक्रिय रहे। पुलिस का कहना है कि सारंडा में माओवादियों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बाद वर्ष 2016 के आसपास संगठन से जुड़े लोगों ने इस क्षेत्र को छोड़ना शुरू कर दिया था। पश्चिम बंगाल के करीब 13 लोग इस समूह से जुड़े थे, जिन्हें अलग-अलग समय पर विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया। इनमें से तीन को हाल ही में झारखंड में पकड़ा गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CJP कर सकती है अचानक प्रदर्शन, दिल्ली में बढ़ाई गई केंद्रीय बलों की तैनाती, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
माओवादी गतिविधि से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज
कोलकाता में माओवादी गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ हाल के महीनों में कार्रवाई तेज रही है। जून में माओवादी नेता पुष्पा उर्फ शकुंतला ने कोलकाता पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। वह वर्ष 2001 से माओवादी आंदोलन से जुड़ी हुई थी। इसके बाद पिछले महीने कोलकाता पुलिस ने झारखंड की वरिष्ठ माओवादी नेता श्रद्धा बिस्वास उर्फ बेला को उत्तरी काशीपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। अब मंगल और मालती के आत्मसमर्पण के साथ माओवादी गतिविधियों से जुड़े दो और नाम इस सूची में जुड़ गए हैं। दोनों ने हथियार सौंपकर संगठन से अलग होने और समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
