देश

कोलकाता रेप-मर्डर केस: आरोपी का मनोवैज्ञानिक टेस्ट करेगी CBI, पूर्व प्राचार्य से लगातार दूसरे दिन पूछताछ

बता दें कि कोलकाता हाई कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। वहीं, घटना को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन जारी है। घटना के विरोध में शनिवार को देश भर में डॉक्टरों ने काम बंद रखते हुए प्रदर्शन किया है।

Image

कोलकाता कांड की देशभर में गूंज

Photo : PTI

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: सीबीआई कोलकाता में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में आरोपी संजय रॉय का मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन करेगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) से मनोवैज्ञानिक और व्यवहार विश्लेषकों की एक टीम आवश्यक परीक्षण करने के लिए कोलकाता पहुंची है। सीबीआई पहले ही आरोपी रॉय को हिरासत में ले चुकी है।

पूर्व प्राचार्य डॉ. संदीप घोष से दूसरे दिन भी पूछताछ

प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के संबंध में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य डॉ. संदीप घोष से शनिवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। घटना इसी अस्पताल में हुई थी। एजेंसी शुक्रवार को घोष को पूछताछ के लिए ले गई थी और यह शनिवार देर रात 1:40 बजे तक जारी रही।

वहीं, कोलकाता पुलिस ने 18 अगस्त 2024 से 7 दिनों के लिए आरजी कर अस्पताल के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत धारा 163 लगा दी है। इस दौरान वहां किसी भी सभा, धरने या रैली की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस बीच सीबीआई सूत्रों से खबर मिली है कि सीबीआई टीम में शामिल एक मनोवैज्ञानिक भी कोलकाता पहुंच गए हैं. वह जांच में सीबीआई टीम की मदद करेंगे।

बता दें कि कोलकाता हाई कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। वहीं, घटना को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन जारी है। घटना के विरोध में शनिवार को देश भर में डॉक्टरों ने काम बंद रखते हुए प्रदर्शन किया है। आईएमए ने भी इस बंद को अपना समर्थन दिया था। कोलकाता की घटना को लेकर डॉक्टरों में खासा आक्रोश है और वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

घटना पर सियासत, ममता का बीजेपी पर निशाना

उधर, इसे लेकर सियासत भी जारी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में अशांति पैदा करने के लिए वामपंथियों ने राम (भारतीय जनता पार्टी) के साथ मिलकर काम किया है। उन्होंने कहा कि वामपंथी और बीजेपी बंगाल में अशांति पैदा करना चाहते हैं और वे दोनों ऐसा करने के लिए एक साथ आए हैं। बुधवार को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ का ममता ने इन दोनों पार्टियों पर लगा दिया। बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि भीड़ का छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं था और वे भाजपा के लोग थे।

अस्पताल हमले में 19 गिरफ्तार

कोलकाता के आरजी कर अस्पताल परिसर में 14 अगस्त को अज्ञात भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ के सिलसिले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस तोड़फोड़ में विरोध स्थल, वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। बुधवार की रात को भीड़ आरजी कर अस्पताल परिसर में घुस गई और विरोध स्थल, वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article