देश

क्या है 'बीमा घोटाला' जिसमें सत्यपाल मलिक हुए हैं तलब, CBI करेगी पूर्व राज्यपाल से पूछताछ

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 24, 2023, 01:46 PM IST

Satyapal Malik News : साल 2018 में मलिक जब जम्मू कश्मीर के राज्यपाल थे तो उन्होंने एक कंपनी के ठेके को रद्द कर दिया था। इस कथित बीमा घोटाले में सीबीआई ने दो बीमा कंपनियों को आरोपी बनाया है। यह बीमा योजना जम्मू कश्मीर सरकार के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से जुड़ा था। मलिक ने इस बीमा योजना में कथित रूप से फर्जीवाड़े होने का आरोप लगाया जिसके बाद जांच एजेंसी ने अपनी कार्रवाई शुरू की।

Image

कथित बीमा घोटाले में सत्यपाल मलिक से होगी पूछताछ।

Photo : ANI

Satyapal Malik : कथित बीमा घोटाले में पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को पूछताछ के लिए तलब किया है। उनसे यह पूछताछ 28 अप्रैल को होनी है। इस कथित घोटाला मामले में जांच एजेंसी मलिक से कुछ 'स्पष्टीकरण' चाहती है। समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में हालांकि पूर्व राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी को बताया है कि वह 27 से 29 अप्रैल के बीच उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान वह उनसे पूछताछ कर सकती है।

क्या है कथित बीमा घोटाला?

साल 2018 में मलिक जब जम्मू कश्मीर के राज्यपाल थे तो उन्होंने एक कंपनी के ठेके को रद्द कर दिया था। इस कथित बीमा घोटाले में सीबीआई ने दो बीमा कंपनियों को आरोपी बनाया है। यह बीमा योजना जम्मू कश्मीर सरकार के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से जुड़ा था। मलिक ने इस बीमा योजना में कथित रूप से फर्जीवाड़े होने का आरोप लगाया जिसके बाद जांच एजेंसी ने अपनी कार्रवाई शुरू की। राज्य के 3.5 लाख कर्मचारियों को बीमा कवर देने वाली इस योजना को सितंबर 2018 में मलिक ने रद्द कर दिया। उस समय मलिक ने कहा था कि राज्य सरकार के कर्मचारी चाहते थे कि यह बीमा योजना समाप्त कर दी जाए क्योंकि इसमें उन्हें 'धोखाधड़ी' नजर आया। मलिका का कहना है कि ब्योरों की जांच पड़ताल करने के बाद वह भी राज्य कर्मचारियों के निष्कर्ष पर पहुंचे।

मलिक से दूसरी बार होगी पूछताछ

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मलिक से जम्मू कश्मीर में कथित बीमा घोटाले के सिलसिले में कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं। सात महीने में यह दूसरी बार है जब विभिन्न राज्यों के राज्यपाल रह चुके मलिक से संघीय एजेंसी पूछताछ करेगी। बिहार, जम्मू कश्मीर, गोवा और अंत में मेघालय में राज्यपाल रहे मलिक से पिछले साल अक्टूबर में सीबीआई अधिकारियों ने पूछताछ की थी।

मलिक ने केंद्र सरकार की आलोचना की है

मलिक के एक साक्षात्कार के एक सप्ताह बाद सीबीआई ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। साक्षात्कार में मलिक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी की थी, विशेष रूप से जम्मू कश्मीर के मामले से निपटने के संबंध में, जहां उन्होंने तत्कालीन राज्य के दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजन से पहले अंतिम राज्यपाल के रूप में कार्य किया था। इस इंटरव्यू के बाद विपक्ष ने मलिक की सराहना की है।

मलिक को हिरासत में नहीं लिया-दिल्ली पुलिस

गत शनिवार को मलिक के हिरासत में लिए जाने की खबर आई लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसका खंडन किया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मलिक को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आर के पुरम इलाके से हिरासत में नहीं लिया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी ने कहा, ‘हमने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को हिरासत में नहीं लिया है। वह अपने समर्थकों के साथ आर के पुरम थाने में अपनी इच्छा से आए थे और हमने उन्हें सूचित किया कि वह अपनी इच्छा से जा सकते हैं।’

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!