देश

'हमारे देश का अपमान न करें, इसके भारी परिणाम...'; न्यूयॉर्क में भारतीय झंडे के कथित अपमान पर भड़के रिजिजू

किरेन रिजिजू ने न्यूयॉर्क में भारतीय झंडे के कथित अपमान पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि किसी को भी RSS, BJP या सरकार की आलोचना करने की पूरी आजादी है, लेकिन देश और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Image

किरेन रिजिजू। फोटो- एएनआई।

न्यूयॉर्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम के बाहर प्रदर्शन के दौरान भारतीय ध्वज के कथित अपमान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई है। किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रदर्शन का कथित वीडियो साझा करते हुए कहा कि हमारे देश का अपमान न करें, वरना इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

किरेन रिजिजू ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि हम हमेशा कहते रहे हैं कि आप आरएसएस,भाजपा या सरकार की आलोचना करने के लिए स्वतंत्र हैं। लेकिन हमारे राष्ट्र का अपमान मत कीजिए।' उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, “मेरी बात ध्यान से सुनिए... हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान मत कीजिए। इसकी आपको भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।”

प्रदर्शन में खालिस्तान समर्थक नारे लगाने का दावा

बता दें कि किरेन रिजिजू द्वारा शेयर किए वीडियो में एक प्रदर्शनकारी को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर भारतीय ध्वज का कथित तौर पर अपमान करते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं वीडियो में कुछ अन्य प्रदर्शनकारियों के खालिस्तान समर्थक नारे लगाने का भी दावा किया गया है। यह प्रदर्शन उस समय हुआ, जब RSS प्रमुख मोहन भागवत न्यूयॉर्क में भारतीय-अमेरिकी समुदाय और विभिन्न धर्मों के नेताओं को संबोधित करने पहुंचे थे।

6 हजार से अधिक लोगों को संबोधित किया

भागवत ने शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इंफोसिस थिएटर में 6,000 से अधिक भारतीय-अमेरिकियों और अंतरधार्मिक नेताओं को संबोधित किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने विविधता में एकता को भारत के DNA का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता को केवल स्वीकार करना ही नहीं,बल्कि उसका सम्मान और उत्सव भी मनाया जाना चाहिए। कार्यक्रम में भागवत के मुख्य संबोधन से पहले विभिन्न धर्मों के नेताओं ने भी एकता, भाईचारे,करुणा और एक-दूसरे की मदद करने की जरूरत पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में रब्बी जैकब ब्लूमेंथल, रैबिनिकल असेंबली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी; रिवरसाइड चर्च की वरिष्ठ मंत्री रेवरेन्ड एड्रिएन थॉर्न और वॉशिंगटन डीसी स्थित ऐतिहासिक मस्जिद मुहम्मद के अध्यक्ष एवं इमाम तालिब एम. शरीफ शामिल थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article