देश

'विदेश ले गया और फिर नशीली दवा देकर...', मॉडलिंग की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, रूह कंपा देगी शिकायतकर्ता की आपबीती!

केरल में मॉडलिंग के नाम पर विदेश भेजकर महिलाओं के साथ यौन शोषण और देह व्यापार कराने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। कोच्चि पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल पांच आरोपी बताए जा रहे हैं। पीड़ित महिलाओं के अनुसार, उन्हें विदेश में नौकरी और मॉडलिंग के अवसर का लालच दिया गया, फिर वहां नशीली दवाएं देकर उनके साथ दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। उनका पासपोर्ट भी छीन लिया गया और जबरन शोषण किया गया।

Image

केरल में देह व्यापार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। AI IMAGE

केरल में देह व्यापार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विदेश में महिलाओं को मॉडलिंग के अवसर प्रदान करने की आड़ में चलाए जा रहे एक कथित देह व्यापार गिरोह के सिलसिले में यहां तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया और एक अन्य महिला को कुछ दिन पहले पीड़ित व्यक्तियों की शिकायत के बाद पकड़ा गया था।

आरोपी से एक सार्वजनिक स्थान पर मिली थी युवती

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें मॉडलिंग के बहाने विदेश ले जाया गया और फिर वहां उन्हें नशीली दवा देकर उनके साथ बलात्कार किया गया। मामले का विवरण देते हुए कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त एस कलिराज महेश कुमार ने कहा कि शुरुआत में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह आरोपी से एक सार्वजनिक स्थान पर मिली थी और फिर उसे विदेश ले जाकर एक ब्यूटी सैलून में काम करने के लिए कहा गया था।

मामले में पांच आरोपी

उन्होंने बताया कि विदेश पहुंचने पर उसका यौन उत्पीड़न और शोषण किया गया, इसका वीडियो रिकॉर्ड किया गया, उसे दोबारा ऐसे कृत्यों के लिए मजबूर किया गया और उसका पासपोर्ट छीन लिया गया। अधिकारी ने यहां पत्रकारों को बताया कि गिरोह में शामिल लोगों द्वारा उसे बुरी तरह से परेशान किया गया और उसका शोषण किया गया। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच आरोपी हैं।

कुमार ने बताया कि इसके बाद एक और पीड़िता ने इसी तरह के आरोप लगाए, फर्क सिर्फ इतना था कि उसे विदेश में मॉडलिंग का काम दिया गया था। पुलिस ने बताया कि महिलाओं के अनुसार, उन्हें नियमित रूप से नशीली दवा दी जाती थी और फिर बेहोशी की हालत में अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा उनका यौन उत्पीड़न किया जाता था।

आरोपी ने विदेश भागने की कोशिश की

अधिकारी ने बताया कि पहली आरोपी ने विदेश भागने की कोशिश की, लेकिन उसके लिए ’लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया था, इसलिए उसे मुंबई हवाई अड्डे से पकड़ लिया गया। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल तीनों आरोपी हमारी हिरासत में हैं और एक विशेष जांच टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

अधिकारी ने कहा, "और भी शिकायतें आने की संभावना है क्योंकि दोनों पीड़ितों के अनुसार, इस तरह से और भी महिलाओं का शोषण किया गया है।"उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ितों को उनके फोन पर धमकियां दी गईं कि वे पुलिस में कोई शिकायत दर्ज न कराएं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में गुंडों के शामिल होने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद गुंडों की पहचान कर ली गई है और उन पर नजर रखी जा रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article