देश

Water Metro: पीएम मोदी ने देश को दी पहली वाटर मेट्रो की सौगात, जानिए इसका रूट और किराया

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 25, 2023, 01:28 PM IST

अपनी तरह की यह अनूठी वाटर मेट्रो परियोजना कोच्चि और इसके आसपास के लोगों को सुरक्षित, सस्ती और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराएगी।

Image

देश की पहली वाटर मेट्रो सेवा

Photo : ANI

India's First Water Metro: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को पहली वाटर मेट्रो की सौगात दी। उन्होंने कोच्चि में देश की पहली वाटर मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाई। अपनी तरह की यह अनूठी वाटर मेट्रो परियोजना कोच्चि और इसके आसपास के लोगों को सुरक्षित, सस्ती और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराएगी और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।

जानिए इसकी 7 बड़ी बातें

  • पहले चरण में वाटर मेट्रो आठ इलेक्ट्रिक-हाइब्रिड नावों के साथ दो रूटों, हाई कोर्ट से वायपिन और विट्टिला से कक्कनाड के बीच शुरू होगी। हाई कोर्ट से वायपिन रू के लिए किराया 20 रुपये निर्धारित किया गया है। विट्टिला से से कक्कानाड रूट का किराया 30 रुपये होगा।
  • सिंगल-जर्नी टिकट के अलावा कोच्चि वाटर मेट्रो में साप्ताहिक, मासिक और तिमाही पास भी उपलब्ध होंगे। उद्घाटन के समय यात्री विभिन्न यात्रा पासों की खरीद पर छूट का आनंद ले सकते हैं।
  • 12 ट्रिप वाले साप्ताहिक ट्रिप पास की कीमत 180 रुपये होगी, जबकि 50 ट्रिप के साथ 30 दिनों के लिए वैध मासिक ट्रिप पास की कीमत 600 रुपये होगी। तिमाही पास की कीमत 1,500 रुपये होगी और यात्री 90 दिनों की अवधि के भीतर 150 ट्रिप का लाभ उठा सकेंगे। कोच्चि वन ऐप के जरिए मोबाइल क्यूआर टिकट बुक किए जा सकते हैं।
  • कोच्चि वॉटर मेट्रो लिमिटेड और कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड के एमडी लोकनाथ बेहरा के मुताबिक, हाई कोर्ट से वायपिन तक पहला रूट 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शुरू होगा और दूसरा रूट विट्टिला से कक्कनाड 27 अप्रैल को सुबह 7 बजे शुरू होगा।
  • वाटर मेट्रो सेवा का लाभ उठाकर लोग हाई कोर्ट वाटर मेट्रो टर्मिनल से 20 मिनट से भी कम समय में वायपिन पहुंच सकते हैं। विट्टिला वाटर मेट्रो टर्मिनल से कक्कनाड टर्मिनल तक अनुमानित यात्रा का समय लगभग 25 मिनट है।
  • शुरुआत में वॉटर मेट्रो सर्विस सुबह 7 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगी। पीक ऑवर्स के दौरान हर 15 मिनट में हाई कोर्ट से वायपिन रूट पर नावें चलेंगी।
  • यात्री "कोच्चि 1" कार्ड का उपयोग करके कोच्चि मेट्रो और वाटर मेट्रो दोनों में यात्रा कर सकते हैं। वे डिजिटल रूप से भी टिकट बुक कर सकते हैं, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने फेसबुक पर इसे साझा किया है।

पीएम मोदी का अहम दौरा

पीएम मोदी सोमवार शाम करीब 5 बजे कोच्चि में आईएनएस गरुड़ नेवल एयर स्टेशन पर उतरे और वहां से सेक्रेड हार्ट कॉलेज ग्राउंड्स के रोड शो में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री की यात्रा की व्यवस्था के तहत शहर में 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पीएम मोदी यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे और 'युवम 2023' कार्यक्रम के तहत युवाओं के साथ बातचीत भी करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पुष्टि की है कि पीएम मोदी युवा सम्मेलन के बाद ईसाई समुदाय के वरिष्ठ पादरियों से मिलेंगे। राज्य के विभिन्न चर्चों के आठ प्रमुख पुजारियों को ताज मालाबार होटल में पीएम से मिलने के लिए आमंत्रित किया गया है, जहां मोदी ठहरे हुए हैं। केरल में बीजेपी युवाओं और अल्पसंख्यकों को अपने पाले में लाने के लिए अपने प्रचार अभियान के लिए पीएम की यात्रा को एक मंच के रूप में उपयोग करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article