देश

मंदिर में बनाई Operation Sindoor वाली रंगोली, RSS के 27 कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज, BJP बोली- क्या केरल में चल रहा पाकिस्तान का शासन

Kerala Operation Sindoor Rangoli Case: केरल के कोल्लम जिले के पार्थसारथी मंदिर में ओणम उत्सव के दौरान फूलों की रंगोली बनाने पर 27 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मंदिर समिति ने इसे हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताया। भाजपा ने कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि रंगोली ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में थी और सवाल उठाया कि क्या केरल में पाकिस्तान या जमात-ए-इस्लामी का शासन है।

Image

केरल के मंदिर में ऑपरेशन सिंदूर वाली रंगोली पर मचा बवाल।(फोटो सोर्स: (X/ Rajeev Chandrashekhar)

Kerala Operation Sindoor Rangoli: केरल में 27 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दरअसल, ओणम उत्सव के दौरान कोल्लम जिले के एक मंदिर में फूलों की रंगोली बनाने के आरोप में इन सभी लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। मंदिर समिति ने केरल हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताए जाने के बाद इस संबंध में मामला दर्ज किया है। मंदिर समिति के एक पदाधिकारी अशोकन सी. ने शिकायत दर्ज कराई है।

क्या केरल में पाकिस्तान का शासन है: भाजपा

भाजपा ने इस कार्रवाई की निंदा की है। भाजपा ने दावा किया कि मुथुरिलक्कड़ स्थित पार्थसारथी मंदिर में बनाई गई रंगोली 'ऑपरेशन सिंदूर' के सम्मान में थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सवाल किया कि क्या केरल में जमात-ए-इस्लामी या पाकिस्तान का शासन है।

पुलिस, ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 223 (लोक सेवकों द्वारा वैध रूप से जारी आदेशों का अवहेलना), 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर की कार्रवाई) और 3 (5) (कई लोगों द्वारा किया गया आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया है।

मंदिर प्रशासन ने क्या कहा?

मंदिर प्रशासन का आरोप है कि समिति की इजाजत के बिना मंदिर परिसर में 'फ्लेक्स बोर्ड' सहित किसी भी प्रकार की सजावट पर प्रतिबंध है। दावा किया गया कि मंदिर से 50 मीटर दूर छत्रपति शिवाजी का एक 'फ्लेक्स बोर्ड' भी लगाया गया था।

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत करते हुए मंदिर समिति के सदस्य मोहनन ने बताया कि त्योहारों के दौरान मंदिर के पास झंडा लगाने को लेकर पहले कई बार झड़प हो चुकी हैं। ऐसे टकराव से बचने के लिए हमने हाई कोर्ट का रुख किया था। साल 2023 में मंदिर परिसर के पास झंडे सहित किसी भी सजावटी सामान पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बावजूद आरएसएस स्वयंसेवकों ने रंगोली बनाई। हम ऑपरेशन सिंदूर का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन यह वैसा नहीं है जैसा आरोपी दावा कर रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article