Delhi Liquor Scam: कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया सहित 23 लोगों को आरोपमुक्त किए जाने के निचली अदालत के फैसले पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने कांगड़ा में कहा कि 'निचली अदालत से फैसला देने में यदि कोई गलती हो जाती है, या तथ्यों को वह सही तरीके से नहीं देख पाती तो इसे ऊपरी अदालत में सुधारा जाता है, यही न्यायिक प्रक्रिया है। निचली अदालत का फैयला यदि गलत है तो बड़ी पीठ अथवा उच्च अदालतें उसे ठीक करती हैं। इस मामले में अपील दायर कर दी गई है। हालांकि, कोर्ट के फैसले पर उनके द्वारा टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।'
अपशब्द बोलकर वह सुर्खियों में रहना चाहते हैं केजरीवाल
राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री मोदी के बारे में केजरीवाल की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'वह कुछ भी बोलते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्द बोलकर वह सुर्खियों में रहना चाहते हैं। राजनीतिक रूप से वह हाशिए पर चले गए हैं। भारत में लोकतंत्र है और यहां सबको बोलने की आजादी है। हम किसी से उसकी आजादी नहीं छीन सकते।
कोर्ट ने 23 लोगों को किया आरोपमुक्त
केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने शराब नीति संबंधी एक 'फर्जी’ मामले के माध्यम से आम आदमी पार्टी (आप) को खत्म करने की साजिश रची। इससे पहले, शहर की एक अदालत ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील शराब नीति मामले में केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को आरोप मुक्त कर दिया। मामले में 'क्लीन चिट' मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख ने कहा कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए मामलों के संबंध में आरोप मुक्त करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल करेंगे।
'भाजपा 10 सीटें जीतकर दिखा दे तो राजनीति छोड़ दूंगा'
उन्होंने कहा, 'भाजपा ने प्रदूषण, प्रदूषित यमुना, खराब सड़कों जैसी समस्याओं से दिल्ली में अराजकता फैला दी है... मैं प्रधानमंत्री मोदी को दिल्ली में नए सिरे से चुनाव कराने की चुनौती देता हूं और अगर भाजपा 10 से अधिक सीट जीतती है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’ भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में केवल ईमानदारी और प्रतिष्ठा अर्जित की है, जिस पर मोदी और शाह ने एक 'फर्जी’ शराब घोटाला मामले के जरिए हमला किया। उन्होंने कहा कि अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है और मौजूदा परिस्थितियों में जब सभी संस्थाएं हमले के घेरे में हैं, न्यायाधीश ने आदेश पारित करने में जबरदस्त साहस दिखाया है।
