देश

E20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल का ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान, पत्र लिखकर PM मोदी से मिलने का समय मांगा

केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है। लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें।

Image

AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल।

Photo : PTI

Arvind Kejriwal: देश भर में E20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को 'स्टॉप E20 पेट्रोल' ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया। StopE20petrol.com के जरिए लोग प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज दर्ज करा सकते हैं। केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के E20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार लोगों की चिंताओं को सुनने के बजाय सब कुछ सामान्य बताने में लगी है। केजरीवाल ने पीएम मोदी से E20 पेट्रोल की कीमतें कम करने की मांग की है। साथ ही उनसे मुलाकात का भी समय मांगा है।

पेट्रोल, E10, E20 का विकल्प मिले-केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है। लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें। लेकिन सरकार इसे भी मानने से इनकार कर रही है। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने से माइलेज भी कम होता है, फिर भी इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर या उससे कम नहीं की जा रही। इससे आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ईंधन पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है।

'E20 की कीमत भी कम की जाए'

पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत के दौरान भी बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन संबंधी समस्याओं की शिकायत की। कई लोगों ने बताया कि पहले के मुकाबले अब गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च काफी बढ़ गया है। केजरीवाल ने कहा कि अगर सरकार को E20 लागू करना ही है तो कम से कम लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों का विकल्प दिया जाए और E20 की कीमत भी कम की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और उनकी आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है।

लोगों से हस्ताक्षर करने की अपील

इसी उद्देश्य से शुरू किए गए 'स्टॉप E20 पेट्रोल' अभियान में देशभर के लोगों से अपील की गई है कि वे StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करें और सरकार से मांग करें कि बिना तैयारी E20 पेट्रोल थोपना बंद किया जाए, लोगों को विकल्प दिया जाए और उनकी चिंताओं का सम्मान किया जाए।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें