अमित शाह रविवार को तेलंगाना के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना के सीएम केसीआर और AIMIM चीफ ओवैसी पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा कि तेलंगाना सरकार की स्टेयरींग ओवैसी के हाथ में हैं।
शाह का ऐलान
तेलंगाना के चेवल्ला में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अगर भाजपा तेलंगाना की सत्ता में आती है तो मुस्लिमों को दिया गया आरक्षण समाप्त कर देगी। शाह ने कहा- "मैं आपसे वादा करता हूं, मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाइए। हैदराबाद के परेड ग्राउंड में तेलंगाना स्वतंत्रता दिवस हम मनाएंगे।
हम नहीं डरते मजलिस (ओवैसी) से, मजलिस आपके (KCR) लिए मजबूरी है...भाजपा के लिए नहीं।"
ओवैसी पर निशाना
अमित शाह ने इस दौरान ओवैसी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- "तेलंगाना में कोई ऐसी सरकार नहीं चल सकती जिसकी स्टीयरिंग मजलिस (ओवैसी) के पास है... हम यहां पर एक ऐसी सरकार बनाएंगे जो देश के विकास, तेलंगाना के विकास और आपके विकास के लिए समर्पित होगी। ये (ओवैसी) नक्शा भी बनाते हैं भारत का तो कश्मीर आधा कर देते हैं। इन्होंने कश्मीर को आधा कर भारत का अपमान किया है।"
बीआरएस पर हमला
गृहमंत्री ने केसीआर और उनकी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है, एसएससी का पेपर लीक हो रहा है, तेलंगाना स्टेट सर्विस कमीशन के पेपर भी लीक हो रहे हैं। लाखों युवाओं का भविष्य केसीआर की सरकार ने बर्बाद कर दिया है। आने वाले चुनाव में ये युवा आपका हिसाब करने को तैयार हैं।शाह ने कहा- "राज्य में आठ-नौ साल से भ्रष्ट सरकार चला रही सत्तारूढ़ बीआरएस की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने दावा किया कि पूरी दुनिया बीआरएस और के चंद्रशेखर राव (जिन्हें केसीआर के नाम से भी जानते हैं) के खिलाफ गुस्से को देख रही है। शाह ने दावा किया कि भाजपा तेलंगाना में सरकार बना रही है और भ्रष्टों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। तेलंगाना की जनता आपकी (केसीआर) और आपके परिवार के भ्रष्टाचार को जान चुकी है। ध्यान भटकाने के लिए उन्होंने टीआरएस को बीआरएस बनाया।"
