देश

तेलंगाना में KCR को लगा दोहरा झटका, विधायक का BRS से इस्तीफा तो वहीं MLC कांग्रेस में शामिल

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 6, 2023, 09:33 PM IST

भारत राष्ट्र समिति यानि कि BRS को दो वरिष्ठ नेताओं ने अलविदा कह दिया। जिसमें एक खानापुर से विधायक अजमीरा रेखा हैं। रेखा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मलेन में पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की।

Image

बीआरएस नेता कासिरेड्डी नारायण रेड्डी कांग्रेस में शामिल

Photo : Twitter

तेलंगाना चुनाव से पहले सत्ताधारी पार्टी बीआरएस को झटके पर झटका लग रहा है। शुक्रवार को एक के बाद एक केसीआर को दो झटके लगे। जहां एक विधायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया, वही एक एमएलसी ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया।

विधायक अजमीरा रेखा का इस्तीफा

भारत राष्ट्र समिति यानि कि BRS को दो वरिष्ठ नेताओं ने अलविदा कह दिया। जिसमें एक खानापुर से विधायक अजमीरा रेखा हैं। रेखा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मलेन में पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की। मिली जानकारी के अनुसार रेखा को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने से इनकार कर दिया गया था, इसलिए वह पार्टी से नाराज थीं।

क्या बोली बीआरएस विधायक अजमीरा रेखा

अजमीरा रेखा ने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा- "मैंने पिछले 12 वर्षों से इस पार्टी (बीआरएस) की सेवा की है। मैं चुनाव मैदान में रहूंगी। मैं लोगों को मेरी ओर से प्रदान की गई सेवाओं के बारे में बताऊंगी। मैं अपनी ताकत दिखाऊंगीं। मैंने पार्टी से गद्दारी नहीं की है। आपने (पार्टी ने) मुझे धोखा दिया... मैं बीआरएस पार्टी से इस्तीफा दे रही हूं। मैं या तो बागी उम्मीदवार के रूप में या किसी अन्य पार्टी के टिकट पर अपने निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ूगीं।"

के. नारायण रेड्डी कांग्रेस में शामिल

अजमीरा रेखा के अलावा एक अन्य नेता बीआरएस को झटका देते हुए आज कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। बीआरएस के विधान परिषद सदस्य के. नारायण रेड्डी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। रेड्डी ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हालांकि एमएलसी के रूप में अब भी उनका चार साल का कार्यकाल बाकी है, लेकिन वह खड़गे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष रेवंत रेड्डी की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो गए है।

कई और कांग्रेस में शामिल

के. नारायण रेड्डी ने कहा कि उनके साथ नगरकुर्नूल जिले के कई अन्य नेता भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। रेड्डी ने कहा कि उनके समर्थकों ने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने की सलाह दी थी क्योंकि पार्टी की ओर से हाल ही में घोषित छह गारंटी लोगों के लिए फायदेमंद हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी उन्हें मौका देती है तो वह चुनाव मैदान में उतरेंगे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article