Bengaluru Crime News: हम भले ही 21वीं सदी में हों...ताबड़तोड़ विकास कर रहे हों और सोच-विचार के मोर्चे पर खुद को समृद्ध मानते हों, मगर अभी भी दीमकरूपी कुछ कुरीतियां हमारे समाज को अंदर ही अंदर खाए जा रही हैं। ऐसी ही चुनौतियों में से एक दहेज है, जिससे जुड़ा दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। दहेज के लिए इस केस में पति ने पत्नी के गुप्तांग (प्राइवेट पार्ट्स) टॉयलेट साफ करने वाला एसिड (तेजाब) डाल दिया।
यह पूरा मामला दक्षिण भारतीय सूबे कर्नाटक के बेंगलुरू के बाहरी इलाके बगलागुंटे पुलिस स्टेशन की सीमा के पास का है। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया कि आरोपी ने इसी साल 19 मई को 23 साल की पीड़िता से शादी की थी। आरोपी शराबी है और काम पर कम जाता था। वह पत्नी से पैसे की मांग करता था, जिससे अक्सर झगड़े होते थे।
वह नियमित रूप से नशे की हालत में घर लौटता था। साथ ही पत्नी को शारीरिक और मानसिक शोषण का शिकार बनाता था। गुरुवार (24 नवंबर, 2023) को पति ने कथित तौर पर दहेज नहीं लाने पर अपनी पत्नी के निजी अंगों पर शौचालय साफ करने वाला एसिड डाल दिया।
पीड़िता की शिकायत में आरोप लगाया गया कि पति अक्सर उसके बाल पकड़कर खींचता था और जान से मारने की धमकी देता था। मकान का किराया नहीं चुका पाने के कारण उन्हें उनके आवास से बाहर निकाल दिया गया।
महिला ने बताया कि हाल ही में आरोपी ने उसकी पीठ और प्राइवेट पार्ट्स पर टॉयलेट साफ करने वाला एसिड डाल दिया था, जिसके बाद पीड़िता को पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पुलिस ने आरोपी पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज किया है। जांच चल रही है।
