Karnataka Cabinet: कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उनके साथ डिप्टी सीएम और मंत्रियों को भी शपथ ग्रहण होगा लेकिन डिप्टी सीएम और कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों की संख्या पर सस्पेंस कायम है। इन पदों के लिए चर्चा में कई नाम हैं। दो जून को दिल्ली से लौटन के बाद डीके शिवुकमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संभावित डिप्टी सीएम एवं मंत्रियों के जिन नामों की चर्चा मीडिया में चल रही है, वह आधिकारिक नहीं है। कौन डिप्टी सीएम और कौन मंत्री बनेगा, इस पर निर्णय पार्टी के शीर्ष स्तर पर लिया जाएगा।
दो से तीन डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं
इस बीच, मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि डीके शिवकुमार के साथ करीब 10 मंत्रियों को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। सियासी, सामाजिक और जातीय समीकरणों को साधने के लिए राज्य में दो से तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। डिप्टी सीएम की दौड़ में वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर का नाम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान के साथ लंबी मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल के चेहरों और स्वरूप पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। सिद्दरमैया के बेटे यतींद्र को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है और वे खुद हाईकमान से इसका आश्वासन दिए जाने की बात कह चुके हैं।
12 मंत्रियों को दिलाई जा सकती है शपथ
रिपोर्टों के मुताबिक शिवकुमार के साथ 12 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे को नए मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। इनके अलावा कृष्णा बायरेगौड़ा, दिनेश गुंडू राव, यूटी खादर कैबिनेट मंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। नए मंत्रिमंडल में कम से कम एक महिला मंत्री को भी शामिल किए जाने की उम्मीद भी है। सूत्रों का कहना है कि शिवकुमार फिलहाल किसी को उपमुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि वह राज्य में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं चाहते।
भारत जोड़ो भवन में आमंत्रित लोगों से मिलने जाएंगे
सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण के बाद शिवकुमार कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विदा करने के बाद वे प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, गारंटी समिति प्रमुखों और यहां भारत जोड़ो भवन में आमंत्रित लोगों से मिलने जाएंगे। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह को अपेक्षाकृत सादगीपूर्ण रखा गया है। इसकी एक प्रमुख वजह राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बेंगलुरु पहुंचने की संभावना है, जिससे व्यस्त समय के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे खरगे-राहुल
सूत्रों के अनुसार, खरगे, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल एवं रणदीप सिंह सुरजेवाला के इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस और ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ कई प्रदेश और केंद्रीय नेता, गणमान्य व्यक्ति और आमंत्रित मेहमान भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी प्रमुख समुदायों के धर्मगुरुओं और विभिन्न मठों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है।
मंत्रिमंडल की स्वीकृत क्षमता मुख्यमंत्री सहित 34
अधिकारियों के अनुसार, आमंत्रित लोगों में शिवकुमार के पैतृक गांव कनकपुरा के डोड्डालाहल्ली के एक सरकारी स्कूल के छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जिनमें श्रमिक, नागरिक कर्मचारी, किसान नेता, महिला स्वयं सहायता समूह और कन्नड़ समर्थक संगठन शामिल हैं। मंगलवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस आला कमान, शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच मंत्रिपरिषद के गठन को लेकर गहन मंत्रणा हुई, जिसमें खरगे और राहुल गांधी भी शामिल हुए। कर्नाटक मंत्रिमंडल की स्वीकृत क्षमता मुख्यमंत्री सहित 34 है। पिछले कुछ दिनों के दौरान मंत्री पद के दावेदार कई नेता आलाकमान के सामने अपनी दावेदारी पेश करने दिल्ली पहुंचे हैं। लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक व्यवस्था की गई हैं।
