देश

शिवकुमार ने कमान संभालते ही छात्रों को दिया बड़ा तोहफा! बस में कर सकेंगे मुफ्त यात्रा; जारी होंगे फ्री पास

Shivakumar First Cabinet Decision: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को पदभार संभालने के तुरंत बाद ही छात्रों को मुफ्त बस पास दिए जाने का ऐलान किया।

Image

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (फोटो साभार: @INCKarnataka)

Photo : Twitter

Shivakumar First Cabinet Decision: कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को पदभार संभालने के तुरंत बाद ही छात्रों को मुफ्त बस पास दिए जाने का ऐलान किया। सरकार की इस योजना में स्कूल और कॉलेज दोनों के ही छात्र शामिल होंगे।

कैसे मिलेगा मुफ्त बस पास?

शिवकुमार ने पहली कैबिनेट ब्रीफ्रिंग के दौरान कहा कि कई लोगों ने सवाल उठाया था कि मुफ्त ट्रांसपोर्ट महज लड़कियों तक ही सीमित क्यों है? इसलिए इस विस्तार का ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि जब यह योजना शुरू हो जाएगी, तो छात्रों को इस पास के लिए अप्लाई करना होगा।

सभी छात्रों को मिलेगा मुफ्त बस पास

शिवकुमार ने कहा, ''यह युवाओं का दौर है। छात्र पूछ रहे थे कि मुफ्त बस सिर्फ लड़कियों के लिए ही क्यों है। हम सभी छात्रों को बिना किसी शुल्क के मुफ्त बस पास दे रहे हैं। सभी स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए बस पास मुफ्त हैं। यह डीके शिवकुमार कैबिनेट का पहला फैसला है। छात्रों को इसके लिए अप्लाई करना होगा; हम ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट से इस बारे में बात करेंगे।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट से सलाह-मशविरा करके इसे लागू करने का तरीका तय करेगी और जब यह योजना औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी, तो योग्य छात्रों को पास के लिए अप्लाई करना होगा।

शिवकुमार ने CM पद की ली शपथ

इससे पहले, शिवकुमार ने पार्टी प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने 64 वर्षीय शिवकुमार को लोक भवन के 'ग्लास हाउस' में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान शिवकुमार हाथ में संविधान की प्रति लिए हुए थे।

शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता जी.परमेश्वर और 12 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के नाम पर शपथ ली। परमेश्वर इस सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे। उपमुख्यमंत्री परमेश्वर के अलावा जिन 12 नेताओं ने मंत्रीपद की शपथ ली उनमें केएच मुनियप्पा, के जे जॉर्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खरगे, यू टी खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्दारमैया, बिरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article