देश

PM उम्मीदवार से फर्क नहीं पड़ेगा, 2024 का चुनाव मोदी Vs मोदी होगा, कपिल सिब्बल का बड़ा बयान

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Aug 30, 2023, 01:29 PM IST

Kapil Sibbal News : वरिष्ठ वकील एवं राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जनता हकीकत जानती है। भाजपा ने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन धरातल पर उनका कोई रिजल्ट नहीं निकला। चुनाव में मुद्दा पीएम मोदी के 10 वर्षों का कामकाज बनेगा।

Image

भाजपा से मुकाबला के लिए विपक्ष ने बनाया है मोर्चा।

Photo : PTI

Kapil Sibbal News : राज्यसभा के सांसद एवं वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा बयान दिया है। सिब्बल ने बुधवार को कहा कि पीएम पद के लिए विपक्ष की तरफ से कोई चेहरा आता है या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 2024 का लोकसभा चुनाव 'मोदी बनाम मोदी' होगा। बीते 10 सालों में पीएम के रूप में मोदी ने जो काम किया है, जनता उसका आंकलन करेगी, इसके बाद वोट देगी। वरिष्ठ वकील ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जनता हकीकत जानती है। भाजपा ने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन धरातल पर उनका कोई रिजल्ट नहीं निकला। पीएम मोदी के 10 वर्षों का कामकाज ही चुनाव में मुद्दा बनेगा।

मुंबई में विपक्ष की तीसरी बैठक

बता दें कि लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनने और भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने अपना एक गठबंधन बनाया है। इस गठबंधन का नाम 'इंडियन नेशनल डेपलपमेंटल इन्क्लूसिव, INDIA' रखा गया है। विपक्षी दलों की तीसरी बैठक 31 अगस्त से मुंबई में शुरू हो रही है। पहली बैठक पटना और दूसरी बैठक बेंगलुरु में हुई।

कुछ नए दल भी जुड़ सकते हैं

समझा जाता है कि तीसरी बैठक में विपक्ष लोकसभा की 543 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने के लिए किसी फॉर्मूले को अंतिम रूप दे सकता है। विपक्ष चाहता है कि जिन राज्यों में क्षेत्रीय दल मजबूत हैं वहां पर एनडीए प्रत्याशी के खिलाफ विपक्ष का साझा उम्मीदवार उतारा जाए। कांग्रेस उन्हीं सीटों पर लड़े जहां भाजपा से उसका सीधा मुकाबला हो। चर्चा यह भी है कि विपक्ष की तीसरी बैठक में कुछ नए दल भी जुड़ सकते हैं।

पीएम पद की रेस में कई नाम

चुनाव में 'इंडिया' की तरफ पीएम पद के लिए चेहरा कौन होगा, इस पर सभी की नजरें लगी हैं। पीएम पद की रेस में विपक्ष की तरफ से कई नेता दौड़ में हैं। राहुल गांधी, नीतीश कुमार, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल इस पद के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को कहा कि 'इंडिया' की तरफ से अरविंद केजरीवाल को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया जाना चाहिए।

कुछ समितियों की हो सकती है घोषणा

'इंडिया' के नेता बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रही दो दिवसीय बैठक में गहन चर्चा के लिए तैयार हैं और इस दौरान वे एक समन्वय समिति तथा गठबंधन के ‘लोगो’ की घोषणा करेंगे। इस बैठक के लिए नेता मुंबई पहुंचने लगे हैं। समझा जाता है कि ये नेता संयुक्त प्रचार रणनीति और अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को हल करने पर चर्चा करेंगे। उनके गठबंधन के साझा न्यूनतम कार्यक्रम का मसौदा तैयार करने, देशभर में आंदोलन करने के लिए संयुक्त योजनाएं बनाने और सीटों के बंटवारे के लिए कुछ समितियों की घोषणा करने की भी संभावना है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article