ओडिशा के गंजाम जिले से एक सनसनीखेज मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है, जहां चोरी के शक में एक व्यक्ति को कथित तौर पर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला गया। इस घटना ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
ओडिशा में युवक की पीट-पीटकर हत्या।
सोने के आभूषण और 20 नई साड़ियों की चोरी का आरोप
घटना भंजनगर थाना क्षेत्र के सरदुला गांव की है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय बनाधर प्रधान के रूप में हुई है, जो कंधमाल जिले के जी. उदयगिरि थाना क्षेत्र के कुरुमिंगिया गांव का निवासी था। पुलिस के मुताबिक, प्रधान अपने दो अन्य साथियों के साथ स्थानीय निवासी सुषांत गौड़ा के बंद घर में कथित रूप से चोरी करने गया था। शिकायत के अनुसार, घर से सोने के आभूषण और लगभग 20 नई साड़ियां चोरी हुईं।
बिजली के खंभे में बांधकर इतना मारा कि मर गया प्रधान
बताया जा रहा है कि चोरी के बाद भागते समय बनाधर प्रधान गिर पड़ा और उसका पैर टूट गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्साए ग्रामीणों ने उसे एक बिजली के खंभे से बांध दिया और लोहे की रॉड तथा डंडों से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
20 लोग गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रंजन कुमार डे ने बताया कि मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन, लोहे की रॉड और रस्सियां जब्त की हैं। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कई ग्रामीण पुलिस कार्रवाई के डर से फरार बताए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम को जांच में शामिल किया गया है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है।
