देश

'राहुल गांधी की नीति है झूठ बोलना और उसे दोहराना...', India-US ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस पर भड़के अमित शाह

India US Trade Deal: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और उन पर किसानों एवं मछुआरों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @amitshah)

Photo : Twitter

India US Trade Deal: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि हाल में किए गए मुक्त व्यापार समझौतों एवं भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में देश के किसानों और मछुआरों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। शाह ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी पर ''झूठ'' बोलकर किसानों एवं मछुआरों को गुमराह करने और ''भ्रम'' पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

शाह ने पुलवामा हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' और इसके बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसी निर्णायक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने आरोप लगाया कि गांधी ने ''रोजाना झूठ बोलने की एक नयी परंपरा शुरू कर दी है।''

राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह

शाह ने राहुल से कहा कि वे ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ-साथ अमेरिका के साथ हुए हालिया समझौतों की बारीकियों को 'ध्यानपूर्वक' पढ़ें। समझौतों को लेकर कांग्रेस सांसद ने तीखे हमले किए थे। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईकल में भाजपा की एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ''झूठ बोलना, जोर-जोर से झूठ बोलना और उसे दोहराना राहुल गांधी की नीति है। लेकिन लोग आपकी झूठ गढ़ने वाली फैक्टरी को पहचान चुके हैं।''

पुडुचेरी में चुनाव नजदीक आने के बीच शाह ने आरोप लगाया, ''राहुल गांधी देश के मछुआरों और किसानों को गुमराह करना चाहते हैं। उनका इरादा झूठ बोलकर भ्रम फैलाना है।'' शाह ने कहा कि ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ हस्ताक्षरित मुक्त व्यापार समझौतों के अलावा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों की ''100 प्रतिशत सुरक्षा'' सुनिश्चित की है।

गांधीजी से एफटीए और व्यापार समझौते के प्रावधानों को ध्यानपूर्वक पढ़ने का आग्रह करते हुए शाह ने दोहराया कि भारतीय हितधारकों के हितों को ''100 प्रतिशत'' सुनिश्चित किया गया है। मछुआरों को एफटीए से लाभ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान किसानों के हितों को ''बेच दिया गया'' था।

उन्होंने कहा, ''मुक्त व्यापार समझौते और व्यापारिक संधियों से हमारे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। किसानों को नुकसान मनमोहन सिंह के शासनकाल में हुआ था। उस समय कई वैश्विक समझौते हुए थे जिनमें किसानों के हितों की बलि दी गई थी। यहां नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों और पशुपालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की है।''

प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों, पशुपालन से जुड़े भाइयों और बहनों एवं मछुआरों को 100 प्रतिशत सुरक्षा प्रदान करने के लिए काम किया है। भाजपा के शीर्ष नेता ने भ्रष्टाचार को लेकर वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली पुडुचेरी की कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार (2016 से 2021) को निशाना बनाया और कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान केंद्र शासित प्रदेश में ''15,000 करोड़ रुपये का पूरा विकास कोष हड़प लिया गया''। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू हो चुकी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article