K Annamalai Exits BJP: के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और वह समावेशी एजेंडे के साथ नयी राजनीतिक पार्टी बनाकर तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे। करीब छह वर्ष तक भाजपा से जुड़े रहे अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, ’’मैंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है ताकि एक नयी तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके।’’
एक नई पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी: के अन्नामलाई। AI IMAGE
उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़े हैं तथा और अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा, ’’आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नयी राजनीतिक मुहिम शुरू होगी।’’ अन्नामलाई ने कहा कि एक नई पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिस नए आंदोलन की शुरुआत की जानी है, उसमें बुनियादी स्तर से ही नए आयाम और नए नजरिए की आवश्यकता है।
बीजेपी ने क्या कहा?
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ’’भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’’ इससे पहले के. अन्नामलाई ने अमित शाह से मुलाकात की थी।
आखिर क्यों नाराज थे अन्नामलाई?
तमिलनाडु में इसी साल हुए विधानसभा चुनाव के लिए अन्नाद्रमुक के साथ भाजपा का गठबंधन बहाल होने से नाराज थे। अन्नामलाई का कहना था कि इस गठबंधन से बीजेपी को काफी नुकसान होगा। साथ ही नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से अन्नामलाई असंतुष्ट बताए जा रहे थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान 2021 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ा था। तब बीजेपी की चर्चा तमिलनाडु में काफी थी, लेकिन जीत नहीं मिली, जबकि हाल ही में हुए चुनाव में अन्नामलाई ने चुनाव नहीं लड़ा और प्रचार भी सीमित ही रहा।
