देश

'मैं नई पार्टी बनाकर लड़ूंगा चुनाव', BJP छोड़ने के बाद K Annamalai का ऐलान

K Annamalai Exits BJP: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष क अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ने के बाद नई राजनीतिक पार्टी बनाने और अगले विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने और अधिक लोगों को साथ जोड़ने के लिए नई राजनीति की जरूरत है। भाजपा ने उनके इस्तीफे को आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई कथित तौर पर भाजपा-एआईएडीएमके गठबंधन की वापसी और प्रदेश नेतृत्व में बदलाव से नाराज थे। उनका मानना था कि इस गठबंधन से भाजपा को नुकसान होगा।

Image

एक नई पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी: के अन्नामलाई। AI IMAGE

K Annamalai Exits BJP: के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और वह समावेशी एजेंडे के साथ नयी राजनीतिक पार्टी बनाकर तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे। करीब छह वर्ष तक भाजपा से जुड़े रहे अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, ’’मैंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है ताकि एक नयी तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके।’’

उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़े हैं तथा और अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा, ’’आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नयी राजनीतिक मुहिम शुरू होगी।’’ अन्नामलाई ने कहा कि एक नई पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिस नए आंदोलन की शुरुआत की जानी है, उसमें बुनियादी स्तर से ही नए आयाम और नए नजरिए की आवश्यकता है।

बीजेपी ने क्या कहा?

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ’’भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’’ इससे पहले के. अन्नामलाई ने अमित शाह से मुलाकात की थी।

आखिर क्यों नाराज थे अन्नामलाई?

तमिलनाडु में इसी साल हुए विधानसभा चुनाव के लिए अन्नाद्रमुक के साथ भाजपा का गठबंधन बहाल होने से नाराज थे। अन्नामलाई का कहना था कि इस गठबंधन से बीजेपी को काफी नुकसान होगा। साथ ही नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से अन्नामलाई असंतुष्ट बताए जा रहे थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान 2021 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ा था। तब बीजेपी की चर्चा तमिलनाडु में काफी थी, लेकिन जीत नहीं मिली, जबकि हाल ही में हुए चुनाव में अन्नामलाई ने चुनाव नहीं लड़ा और प्रचार भी सीमित ही रहा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें