देश

मेरी तरह ही- AK Antony के बेटे अनिल एंटनी के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद बोले शहजाद पूनावाला

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 25, 2023, 08:40 PM IST

अनिल एंटनी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। अनिल ने कहा कि यह उनका निजी फैसला है और उन्होंने इस बारे में अपने पिता से चर्चा नहीं की है। अनिल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी के बेटे हैं, जो यूपीए सरकार में रक्षा मंत्री थे।

कांग्रेस के बड़े नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। अनिल ने कुछ दिनों पहले बीबीसी की उस डॉक्यूमेंट्री पर ऐतराज जताया था, जो गुजरात दंगों पर बना है। तब पीएम मोदी गुजरात के सीएम हुआ करते थे। भारत सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को भारत में बैन कर दिया है।

शहजाद पूनावाला का हमला

अनिल के इस्तीफे के बाद भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ भी नहीं बदला है, वो भी इसी तरह से पार्टी से बाहर हुए थे। उन्होंने कहा- "मेरे प्रिय मित्र अनिल एंटनी का कांग्रेस से इस्तीफा मेरे लिए पुरानी यादें ताज़ा करता है। जब मैंने वंशवाद के खिलाफ बोला तब मुझे कांग्रेस से निकाला गया , तब से अब तक कांग्रेस में कुछ भी नहीं बदला है। कांग्रेस की एक आपातकालीन, असहिष्णु मानसिकता है और यह फ्री स्पीच की बात करते है।"

क्यों दिया इस्तीफा

अनिल एंटनी ने मंगलवार को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री इंडिया: द मोदी क्वेश्चन पर कांग्रेस से अलग स्टैंड लिया था। डॉक्यूमेंट्री के लिए बीबीसी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अंतर के बावजूद, राजनेताओं को विदेशी संस्थाओं द्वारा आंतरिक मतभेदों का फायदा नहीं उठाने देना चाहिए।

विवाद के बाद इस्तीफा

इस ट्वीट के कुछ घंटों बाद ही अनिल एंटनी ने इस्तीफा दे दिया। अनिल एंटनी ने दावा किया कि उन्हें इस ट्वीट को डिलीट करने के लिए दवाब बनाया जा रहा था। उन्हें फोन कॉल और मैसेज आ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा देने का मन बना लिया। उन्होंने कहा कि ये उनका अपना फैसला है, इसके बारे में उनके पिता एके एंटनी को जानकारी नहीं है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article